नई दिल्ली। देश आज राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मना रहा है। चंद्रयान 3 को चांद पर उतरे एक साल हो गया है। इससे एक दिन पहले ही इसरो ने विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर के एक और कमाल को दिखाया है। दरअसल, इसरो ने इन दोनों की मदद से ली गई कुछ तस्वीरों को साझा किया है।
विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर ने साझा की तस्वीरें
बता दें कि पिछले साल 14 जुलाई को चंद्रयान 3 ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से चांद तक पहुंचने का सफर शुरू किया था और 23 अगस्त को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की। इसरो ने इसी सफलता को रेखांकित करते हुए लिखा चंद्रयान 3 की लैंडिंग एनिवर्सरी पर विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर द्वारा ली गई कुछ तस्वीरें साझा कर रहे हैं।
आज क्यों मनाया जा रहा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस
चंद्रयान 3 की सॉफ्ट लैंडिंग की याद से सरकार ने 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे मनाने का एलान किया था। आज भारत अपना पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मना रहा है। जहां सॉफ्ट लैंडिंग हुई थी, उसे शिव शक्ति प्वाइंट कहा जाता है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, नितिन गडकरी और डॉ. मनसुख मंडाविया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों पर खुशी जताई और पीएम मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।