डेराबस्सी | डेराबस्सी की सबसे पुरानी रामलीला कमेटी (रजि. 812) ने सात साल बाद फिर से स्वयं के सदस्यों के साथ स्वयं रामलीला मंचन करने का अभूतपूर्व फैसला किया है। 2017 में बस स्टैंड वाली रामलीला म्युनिसिपल स्टेज, पर्दे, ड्रेस सहित साजो सामान सियासी कारणों से छिन जाने के बाद से रामलीला कमेटी गुलाबगढ़ रोड पर रामतलाई के पास मथुरा वृंदावन से टीम बुलाकर रामलीला मंचन करती आ रही थी।
इस बार वरिष्ठ सदस्यों की मांग पर कमेटी के प्रधान रविंद्र वैष्णव की अगुवाई में 20 दिन से चल रही रिहर्सल के अवलोकन के बाद हाउस ने सर्वसम्मति से फैसला किया है कि किराए पर कलाकारों की टीम बुलाने की बजाय इस बार रामलीला कमेटी अपने पुराने सदस्य कलाकारों और नए कलाकारों के सहयोग से पूरे 10 दिन रामलीला मंचन स्वयं करेगी। इस फैसले से रामलीला कमेटी ही नहीं, पूरे शहर में खुशी का माहौल है क्योंकि सबसे पुरानी रामलीला कमेटी के कई कलाकारों की अभिनय कला की धूम बनूड़, लालडू, बरवाला व अंबाला तक में रही है। रविंद्र वैष्णव ने बताया कि पुराने साथियों की मांग और नए कलाकारों के उत्साह को देखते हुए यह फैसला नई युवा पीढ़ी की प्रतिभा को उभारने के लिए भी लिया गया है। इस अवसर पर संजीव थम्मन, दिनेश वैष्णव, उपेश बंसल, बलबीर मग्गो,सुशील तालिश,मनोज राजपूत,सतपाल अत्री,मोनू अत्री,विनय वर्मा,मधुकर शर्मा,पंकज भटनागर,अमित शर्मा,सुमित शर्मा, हरिओम गांधी, मुकेश मग्गू भी हाजिर थे।