चंडीगढ़ । पंजाब विश्वविद्यालय में कार्यरत मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं हिमाचल के सह प्रभारी संजय टंडन से मुलाकात की। एमटीएस कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल ने संजय टंडन को अवगत कराया कि ठेकेदार के बदलने पर मल्टी टास्किंग स्टाफ को हटाया न जाए, इसके लिए नीति बनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कर्मियों को आश्वासन दिया कि उनके रोजगार पर कोई संकट नहीं आएगा। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय की कुलपति रेणू विग से भी बातचीत की और उन्हें कर्मियों की समस्या बारे अवगत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि एमटीएस कर्मियों के साथ कोई अन्याय नहीं होगा। साथ ही संजय टंडन ने ठेकेदार बदलने पर कर्मियों को न हटाने की नीति बनाने का भी आग्रह किया।
ठेकेदार के बदलने पर कर्मियों को नहीं हटाने की नीति बनाने का किया आग्रह
संजय टंडन ने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय में कार्यरत एमटीएस कर्मियों के साथ अन्य कर्मचारियों को भी रोजगार का संकट नहीं आने दिया जाएगा। उनकी आवाज को उठाने के साथ वे समस्या समाधान के लिए हमेशा तत्पर हैं। इसके साथ ही वे केंद्र सरकार को भी पत्र लिखेंगे कि पंजाब विश्वविद्यालय के साथ चंडीगढ़ में कार्यरत अन्य कर्मियों के लिए नीति निर्धारण की जाए, ताकि उनके रोजगार पर कोई संकट न आए।
संजय टंडन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिटी ब्यूटीफूल में नए प्रोजैक्टों को लागू किया जा रहा है। अभी हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा मनीमाजरा में 24 घंटे पानी सप्लाई का शुभारंभ किया है। इसके अलावा भी कई अन्य प्रोजैक्टों पर तेजी से काम चल रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और चंडीगढ़वासियों को रोजगार मिलेगा।