चंडीगढ़। हरियाणा में रिक्त हुई राज्यसभा की एक सीट के लिए लॉबिंग शुरू हो गई है। भाजपा ने इस सीट से अभी किसी प्रत्याशी का अधिकारिक ऐलान नहीं किया है लेकिन सोमवार को भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई द्वारा गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात के बाद चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
कुलदीप बिश्नोई समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर इस तरह के संकेत भी दिए गए हैं जिससे यह साफ हो रहा है कि राज्यसभा की रिक्त हुई सीट के लिए कुलदीप बिश्नोई ने दावा ठोका है। हरियाणा में कांग्रेस के कोटे से एक सीट खाली हुई है। इस सीट पर पहले दीपेंद्र हुड्डा राज्य सभा के सांसद थे। दीपेंद्र हुड्डा के लोकसभा सांसद बनने के बाद यह सीट रिक्त हुई है। विधानसभा में विधायकों की संख्या के अनुसार अब यह सीट भाजपा के खाते में जाएगी।
(SUBHEAD)
भाजपा में राज्य सभा सांसद बनने के कई दावेदार हैं। सबसे पहले कुलदीप बिश्नोई का नाम आगे आया है। कुलदीप बिश्नोई लोकसभा चुनाव के दौरान हिसार सीट से प्रबल दावेदार थे। भाजपा ने उनकी बजाए इस सीट से रणजीत चौटाला को चुनाव मैदान में उतार दिया था। रणजीत चौटाला को टिकट मिलने से कुलदीप बिश्नोई तथा उनके विधायक बेटे भव्य बिश्नोई लगातार नाराज चल रहे हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान भी बिश्नोई पिता-पुत्र ने पार्टी के अधिकारिक प्रत्याशी रणजीत चौटाला की मदद नहीं की।
अब राज्यसभा चुनाव का बिगुल बजते ही कुलदीप बिश्नोई सक्रिय हो गए हैं। सोमवार को उन्होंने अपनी पत्नी एवं पूर्व विधायक रेणुका बिश्नोई के साथ गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात की।
चर्चा है कि राजस्थान में भाजपा के समर्थन में चलाए गए अभियान तथा लोकसभा चुनाव के दौरान टिकट वितरण में हुई अनदेखी का हवाला देते हुए कुलदीप बिश्नोई ने राज्यसभा के लिए अपनी दावेदार पेश की है। इस बैठक के बाद कुलदीप बिश्नोई ने मुलाकात की फोटो को ट्वीट करके हुए लिखा कि ऐतिहासिक फैसलों से जिसने देश को दी नई धार, ऐसा है जुबान के धनी अमित शाह जी का किरदार
आधुनिक भारत की राजनीति के चाणक्य माननीय गृह मंत्री अमित शाह से आज आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव सहित कई अहम विषयों पर विस्तृत सकारात्मक चर्चा हुई। चुनावी राजनीति के आकलन में अमित शाह जी का आकलन बेज़ोड़ है।