चंडीगढ़ । चंडीगढ़ के सेक्टर 32 अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस ने यहां करीब पांच घंटे तक सर्च आप्रेशन चलाया लेकिन कहीं से भी कुछ नहीं मिला। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस द्वारा यहां के सभी विंग की जांच की जा रही है। यह धमकी मेल के जरिए अस्पताल प्रबंधन को मिली है।
सूचना के अनुसार चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित मेडिकल कालेज के मेंटल हेल्थ इंस्टीट्यूट को आज सुबह बम से उड़ाने की धमकी दी गई। अस्पताल प्रबंधन द्वारा सूचित करने पर पुलिस, बम स्कवाड व अन्य दस्ता यहां पहुंच गया और पूरा इंस्टीटयूट खाली करवाकर जांच की। करीब चार घंटे तक चले आप्रेशन के दौरान कहीं कुछ नहीं मिला। इसके बावजूद पुलिस ने अस्पताल परिसर की पार्किंग व अन्य स्थानों की भी जांच की।
धमकी के बाद पूरे एरिया को पुलिस ने सील कर दिया है। पुलिस के मुताबिक यह शरारत भी हो सकती है लेकिन इसे गंभीरता से लेकर हर तरह के बचाव के इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर यह मेल आई। धमकी देने वाला कौन है, यह मेल में कुछ नहीं लिखा है। आसपास रिहायशी इलाका है, इसलिए पुलिस पूरी एहतियात बरत रही है। धमकी में लिखा गया कि मेंटल हॉस्पिटल में बम रखा हुआ है। अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक पूरे हॉस्पिटल को खाली करा दिया गया है। मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। पार्किंग एरिया से लेकर वार्ड में चेकिंग की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।