चंडीगढ़, 13 अगस्त। देश में तीसरे मोर्चे के गठन की कवायद में लगे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला लगातार जनसमर्थन जुटा रहे हैं। चौटाला ने पूर्व उपप्रधानमंत्री स्वर्गीय ताऊ देवीलाल के जन्म दिवस के अवसर पर देश में तीसरे मोर्चे के गठन का ऐलान करने की तैयारी में हैं।
ओम प्रकाश चौटाला ने इसे लेकर पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी.देवेगौड़ा, बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव समेत कई दिग्गज नेताओं के साथ मुलाकात कर चुके हैं। इसी दौरान चौटाला ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अकाली दल सुप्रीमों प्रकाश सिंह बादल के साथ मुलाकात की। बादल इससे पहले एनडीए के संयोजक भी रह चुके हैं। भाजपा गठबंधन के सहयोगी रहते समय बादल का कई क्षेत्रीय दलों पर अच्छा प्रभाव रहा है।
पंजाब में भाजपा के साथ गठबंधन के बावजूद हरियाणा में प्रकाश सिंह बादल चौटाला के साथ मंच साझा करते रहे हैं। इसी प्रकार चौटाला भी पार्टी लाइन से हटकर पंजाब में अकाली दल नेताओं के लिए चुनाव प्रचार करते रहे हैं। ऐसे में बादल व चौटाला की मुलाकात के बाद यह माना जा रहा है कि तीसरे मोर्चे का संभावित कुनबा आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।