चंडीगढ़, 22 जुलाई। इजरायली स्पाइवेयर पेगासस के माध्यम से फोन टैप करवाए जाने के विरोध में हरियाणा कांग्रेस आज चंडीगढ़ में सडक़ों पर उतरी। हरियाणा कांग्रेस के विधायकों व नेताओं ने पार्टी मुख्यालय से राजभवन तक पैदल मार्च शुरू किया। जिन्हें बीच रास्ते में ही हिरासत में ले लिया गया। चंडीगढ़ पुलिस ने करीब एक घंटे तक कुमारी सैलजा समेत हरियाणा कांग्रेस के नेताओं को हिरासत रखने के बाद रिहा कर दिया।
रोष प्रदर्शन से पहले बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि सरकार द्वारा जासूसी करवा कर राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ऐसा करके न केवल भारतवर्ष की छवि धूमिल की है बल्कि निजता के अधिकारों का भी हनन किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के लिए यह शुभ संकेत नहीं है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकत्र्ताओं की तारीफ करते हुए कहा कि इतने शॉर्ट नोटिस पर हजारों की संख्या जुटना आने वाले समय में पार्टी के लिए बहुत अच्छा व शुभ संकेत हैं।
इस अवसर पर बोलते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने तौर पर मोदी सरकार पर जासूसी कराने का आरोप नहीं लगा रही है। कुमारी सैलजा ने कहा कि स्पाईवेयर पेगासस का प्रयोग 2019 के लोक सभा चुनावों में सैल फोनो को हैक करने तथा चुनी हुई सरकारों को गिराने के लिए किया गया था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा संविधान और कानून का गला घोंट कर देश के नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि पूरे देश में राहुल गांधी एकमात्र ऐसे नेता हैं जो न केवल गरीबों, पीडि़तों व आम जनता की आवाज को सडक़ से लेकर संसद तक उठा रहे हैं, बल्कि भाजपा ने देश में जो दमनचक्र चलाया हुआ है उसका भी डटकर मुकाबला कर रहे हैं। इस संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस द्वारा भारत के राष्ट्रपति के नाम हरियाणा के राज्यपाल के माध्यम से एक ज्ञापन भी सौंपा,जिस द्वारा इस जासूसी कांड की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
इस अवसर पर कांग्रेस के मौजूदा 25 विधायकों के अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन, पूर्व डिप्टी स्पीकर चौ.अकरम खान, पूर्व सांसद सुशील इंदौरा व चरणजीत सिंह रोड़ी, कैप्टन अजय यादव,अशोक अरोड़ा,सुभाष बत्तरा,कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व मंत्री चौ.रामकिशन गुज्जर, पार्टी महासचिव डॉ.अजय चौधरी,कोषाध्यक्ष रोहित जैन, हरियाणा महिला कांग्रेस प्रधान सुधा भारद्वाज,संजीव भारद्वाज, हरिओम कौशिक समेत कई नेताओं ने मौजूद थे।