चंडीगढ़। सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) के मुद्दे पर सदन में खूब हंगामा हुआ। एसवाईएल के न बनने पर सत्ता पक्ष व विपक्ष ने एक दूसरे को घेरा। विपक्ष ने एसवाईएल पर राजनीति करने का आरोप लगाया तो सत्ता पक्ष ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए प्रयासों को गिनाया। तकरीबन 20 मिनट तक दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। मामला और संजीदा हो गया जब गठबंधन सरकार का हिस्सा जजपा विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि अभी दोनों सूबों के किसानों के बीच ताजा भाईचारा बना है। उन्हें मांग की जाए कि आंदोलन बाद में करेंगे पहले नहर को खुदवाया जाए। इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एसवाईएल के निर्माण को लेकर सत्ता पक्ष जो कदम उठाएगा, विपक्ष उसका साथ देंगे।
(SUBHEAD)
मंगलवार को बजट पर चर्चा के दौरान जब पूंडरी से निर्दलीय विधायक रणधीर गोलन बोल रहे थे तो उन्होंने एसवाईएल को लेकर कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाया। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। तोशाम से विधायक एवं पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने एसवाईएल पर झूठा उपवास करने का आरोप लगाते हुए घेरा। जब हंगामा बढ़ा तो उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सरकार की ओर से मोर्चा संभालते हुए विपक्ष को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के साथ होने का दावा कर रहा है, लेकिन पंजाब में कांग्रेस ने यह कह दिया कि एसवाईएल का निर्माण नहीं होना चाहिए। सत्ता को आक्रामक होते देख नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मोर्चा संभालते कहा कि एसवाईएल के नाम पर सदन को गुमराह न करें। पंजाब सरकार का फैसला आने के बाद सभी दल राष्ट्रपति से मिले थे और अब सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ चुका है।