चंडीगढ़। हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या बढकऱ 70 लाख 46 हजार हो गई है,इसमें यूएचबीवीएन के 32 लाख 84 हजार तथा डीएचबीवीएन के 37 लाख 62 हजार बिजली उपभोक्ता हैं।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा इलैक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (एचईआरसी) की वार्षिक राजस्व आवश्यकता (एआरआर) की पिटीशनस पर वर्चुअल पब्लिक हियरिंग के दौरान यह जानकारी सामने आई है। इस सुनवाई के दौरान आयोग ने जनता और बिजली वितरण कंपनियों के अधिकारियों के सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज की।
आयोग के सदस्य प्राविंद्रा सिंह चौहान और सदस्य नरेश सरदाना ने दोनों पक्षों के सुझाव व आपत्तियों को सुना। आयोग के समक्ष यूएचबीवीएन के एमडी शशांक आनंद ने लेखा-जोखा पेश करते हुए निगम की तरफ से अपनी बात रखी, इस पर एचईआरसी के सदस्य प्राविंद्रा सिंह चौहान और सदस्य नरेश सरदाना ने स्मार्ट मीटर, उपभोक्ता शिकायत केंद्र, बिजली बिलिंग कलेक्शन सहित कई विषयों पर यूएचबीवीएन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएचबीवीएन की पब्लिक हियरिंग में भी अधिकारियों ने प्रदेश के दक्षिण हरियाणा से जुड़े जिलों पर रिपोर्ट दी।
(SUBHEAD)
डीएचबीवीएन के एमडी बलकार सिंह को लंबित कनेक्शनों को जारी करने के निर्देश दिए गए। बताया गया था कि एक अक्तूबर 2020 को यूएचबीवीएन के पास 60,587 तथा डीएचबीवीएन के पास 24,058 नए बिजली उपभोक्ताओं के नए कनेक्शन की सूची लंबित थी। वहीं आयोग ने बिजली उपभोक्ताओं की संतुष्टि के लिए और अधिक कारगर एवं बेहतरीन ढंग से काम करने के लिए कहा ताकि बिजली उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। वर्चुअल पब्लिक हियरिंग के दौरान निदेशक (टैरिफ) संजय वर्मा, निदेशक (तकनीकी) वीरेंद्र सिंह तथा आयोग के सीनियर अधिकारी मौजूद रहे।