चंडीगढ़, 18 जनवरी। सोनीपत जिले की बरौदा विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत और निकाय चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन से उत्साहित पार्टी प्रभारी विवेक बंसल मंगलवार से तीन दिन हरियाणा के दौरे पर होंगे। पार्टी प्रभारी नियुक्त होने के बाद यह पहला मौका है जब बंसल फील्ड में कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे।
इस दौरे के दौरान विवेक बंसल जीटी रोड के जिलों में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं मुलाकात करके निकट भविष्य में होने वाले पंचायत चुनाव के लिए लामबंद करेंगे। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं की गुटबाजी खुलकर सामने आ चुकी है। अब निकाय चुनाव में भी हुड्डा व सैलजा गुटों के बीच की दीवार बड़ी हो चुकी है। ऐसे में विवेक बंसल के हरियाणा दौरे के दौरान प्रदेश के कांग्रेसियों का भी इम्तिहान होगा।
(SUBHEAD)
बंसल से पहले प्रभारी रहे गुलाम नबी आजाद, शकील अहमद समेत कई नेता हरियाणा के कांग्रेसियों को एकजुट करने में असफल हो चुके हैं। अब मंगलवार से विवेक बंसल हरियाणा में जाकर फील्ड में काम करने वाले नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ.अजय चौधरी ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि विवेक बंसल अपने इस दौरा कार्यक्रम के दौरान 19 जनवरी को सुबह 11.30 बजे, अग्रवाल भवन सैक्टर-24, पानीपत में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अगले दिन 20 जनवरी को कर्ण लेक, करनाल में स्थानीय पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। इसी प्रकार अपने दौरे के अंतिम चरण में विवेक बंसल 21 जनवरी को कुरूक्षेत्र के कांग्रेसजनों से जिला कांग्रेस भवन, कुरूक्षेत्र में मिलेंगे। चौधरी ने बताया कि 19, 20 व 21 जनवरी को क्रमश: पानीपत, करनाल व कुरूक्षेत्र के पार्टी नेताओं और कार्यकत्र्ताओं से मुलाकत करने के पश्चात विवेक बंसल दिल्ली लौट जायेंगे।