किसानों के समर्थन में 15 को राजभवन घेराव करेगी हरियाणा कांग्रेस
पार्टी प्रभारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया फैसला
पंचायत चुनाव सिंबल पर लडऩे पर नहीं हुआ फैसला
चंडीगढ़। केंद्र सरकार द्वारा कृषि कानून लागू किए जाने के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों का समर्थन करते हुए हरियाणा कांग्रेस 15 जनवरी को चंडीगढ़ में राजभव का घेराव करेगी। यह फैसला पार्टी प्रभारी विवेक बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
(SUBHEAD)
बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में किसान आंदोलन व हरियाणा में होने वाले पंचायत चुनावों को लेकर चर्चा की गई। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि बैठक में हरियाणा प्रदेश में होने वाले पंचायती चुनावों को लेकर चर्चा की गई। पंचायती चुनाव को लेकर यह पहली बैठक थी। बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर कई पहलुओं पर चर्चा की गई। आने वाले दिनों में पंचायती चुनाव पार्टी सिंबल पर लडऩे के बारे में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से विस्तृत रूप से चर्चा की जाएगी और इसके उपरांत पार्टी सिंबल पर चुनाव लडऩे के बारे में फैसला लिया जाएगा।
सैलजा ने कहा कि सरकार काले कानून खत्म करने की बजाय लगातार बातचीत का ढोंग कर किसानों को तारीख पर तारीख दे रही है। 45 दिन से लाखों अन्नदाता दिल्ली की सीमाओं पर काले कानून खत्म करने की गुहार लगा रहे हैं। इस कडक़ड़ाती ठंड-बारिश में 60 से अधिक किसानों ने अपना बलिदान दे दिया है। इसके बावजूद केंद्र सरकार कृषि कानूनों को वापस नहीं ले रही है।
बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ इस मुश्किल घड़ी में हर स्तर पर खड़ी हुई है और उनकी हर संभव मदद कर रही है। आज हमारा अन्नदाता इस भीषण ठंड में खुली सडक़ों पर बैठा हुआ है और लगातार संघर्ष कर रहा है। लेकिन भाजपा सरकार तानाशाही पर उतारू है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव वीरेंद्र राठौर और आशीष दुआ ने कहा कि सरकार हठधर्मिता अपनाए हुए है। इस सरकार का लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। सरकार जिद छोडक़र यह कृषि विरोधी काले कानून तुरंत प्रभाव से वापस करे। बैठक में विधायक एवं पूर्व नेता हरियाणा कांग्रेस विधायक दल किरण चौधरी, कांग्रेस कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य व विधायक कुलदीप बिश्नोई, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव समेत कई नेता मौजूद थे।