बजट सत्र से पहले विधायकों को लगेगी कोरोना वैक्सीन
स्पीकर बोले वैक्सीन का विरोध करने वाले राष्ट्र विरोधी
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में शुरू होने वाले बजट सत्र से पहले-पहले प्रदेश के सभी विधायकों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी जाएगी। इसके अलावा सत्र में केवल उन्हीं कर्मचारियों व अधिकारियों की डयूटी लगाई जाएगी जिन्हें कोरोना वैक्सीन दी जाएगी।
शनिवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने यह जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन हो चुका है। अब वैक्सीन को आम लोगों तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण पिछले साल विधानसभा सत्र के आयोजन में बदलाव किया गया है। कोरोना के चलते विधानसभा का मानसून सत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ था जिससे इसे दो हिस्सों में चलाना पड़ा। अब अगले महीने के अंत में बजट सत्र को सामान्य स्थिति के अनुसार चलाने की तैयारी की जा रही है। वैक्सीनेशन पर उठ रही तमाम आशंकाओं को खारिज करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अफवाहें फैलाने वाले लोग राष्ट्र विरोधी हैं। वैक्सीनेशन को लेकर कई तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं। मगर देश के वैज्ञानिकों ने पूरी निपुणता व प्रासंगिता के साथ वैक्सीनेशन बनाई है। वैक्सीनेशन कई प्रकार के परीक्षणों से गुजरी है। बिना किसी जानकारी के कुछ लोग अफवाहें फैला रहे हैं, जो देश हित में नहीं है। अब धीरे-धीरे हालात सामान्य हो रहे हैं। ऐसे में विधानसभा का सबसे महत्वपूर्ण बजट सत्र भी पुरानी प्रक्रिया के तहत चलाया जा सकता है।
(SUBHEAD)
गुप्ता ने कहा कि बजट सत्र के आयोजन से पहले-पहले विधानसभा सत्र में भाग लेने वाले सभी कर्मचारियों, अधिकारियों तथा विधायकों को कोरोना वैक्सीन दी जाएगी। इस संबंध में अगले सप्ताह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बातचीत की जाएगी।