तो हरियाणा की सडक़ों पर दौड़ेंगे सिर्फ इलैक्ट्रिक वाहन
सरकार ने बनाई इलैक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी,जारी किया ड्राफ्ट
राज्य में 2029 तक सभी बस होंगी इलैक्ट्रिक
गुरुग्राम-फरीदाबाद में सिटी बस सेवा में चलेंगी इलैक्ट्रिक बसें
चंडीगढ़। हरियाणा में 2030 से पहले-पहले सडक़ों पर केवल इलैक्ट्रिक वाहन ही दिखाई देंगे। प्रदेश सरकार ने ई-व्हीकल पॉलिसी लागू करने की तैयारी कर ली है। बुधवार को इसका ड्राफ्ट जारी करके प्रदेश वासियों से एक माह के भीतर दावे एवं आपत्तियां मांगी गई हैं। सरकार ने तय किया है कि नए वाहनों की खरीद के अलावा मौजूदा वाहनों का भी समय पूरा होने पर उन्हें इलैक्ट्रिक वाहनों से बदला जाएगा। सरकारी वाहनों के अलावा आम लोगों को चार्जिंग में किसी तरह की दिक्कत न आए, इसके लिए हर शहर के अलावा मुख्य सडक़ों पर भी जगह-जगह चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे।
(SUBHEAD)
नई नीति के तहत हरियाणा रोडवेज बेड़े की सभी बसों को 2029 तक इलैक्ट्रिक करने की योजना है। हालांकि गुरुग्राम व फरीदाबाद में सिटी बस सेवा के अंतर्गत चल रही बसों को 2024 तक ही इलैक्ट्रिक वाहनों में बदला जाएगा। सरकारी विभागों तथा बोर्ड-निगमों की गाडिय़ों व स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस भी 2024 तक ही इलैक्ट्रिक करने की योजना बनाई है।
सरकार द्वारा प्राइवेट सेक्टर की मदद से प्रदेश में जगह-जगह कमर्शियल चार्जिंग स्टेशन स्थापित करवाए जाएंगे। इसी तरह से सरकारी विभागों, बोर्ड-निगमों व उपक्रमों की खाली जगह पर चार्जिंग स्टेशन बनेंगे।
सरकार ने तय किया है कि प्रदेश में बनने वाली सभी नये भवनों में चार्जिंग स्टेशन का प्रबंध करना होगा। प्रदेश के सभी मुख्य नेशनल व प्रदेश हाईवे पर फॉस्ट चार्जिंग स्टेशन बनेंगे ताकि वाहनों की चार्जिंग में अधिक समय न लगे।