कांग्रेस विधायक ने फरीदाबाद नगर निगम में भ्रष्टाचार की जांच विजिलेंस से कराने की मांग
मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सौंपे भ्रष्टाचार व घोटाले के दस्तावेज
चंडीगढ़। एनआईटी फरीदाबाद से कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने फरीदाबाद नगर निगम में भ्रष्टाचार मामले की जांच विजिलेंस से कराने की मांग की है। इस बाबत उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों के दस्तावेज भी सौंपे हैं। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान निगम में घोटालों की जांच कर रहे अधिकारियों के तबादले के मुद्दे भी उठाया और गुरुग्राम पुलिस द्वारा व्यापारी से मारपीट करने और लाखों रुपये वसूली करने के मामले में भी संबंधित थाना से संबंधित तमाम पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को वहां से हटाने और सीबीआई से जांच कराने की मांग की। मुख्यमंत्री की ओर से सभी मुद्दों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
विधायक नीरज शर्मा बुधवार को एमएलए हॉस्टल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने नगर निगम में भ्रष्टाचार के मामलों से लेकर गुरुग्राम में व्यापारी से मारपीट में पुलिस को कटघरे में खड़ा किया।
विधायक का कहना है कि चंडीगढ़ से निगम क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए राशि जरूर जाती है, लेकिन खर्च नहीं होती है। निगम में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। यही नहीं जिन घोटालों की जांच चल रही है, जांच करने वाले अधिकारियों का तबादला करवा दिया जाता है। यह सबकुछ मुख्यालय में बैठे कुछ अधिकारियों की शय पर हो रहा है। उन्होंने एक-एक करके कई घोटालों व भ्रष्टाचार मामलों से पर्दा उठाया। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद नगर निगम में हार्डवेयर पुर्नवास के जमीन मामले में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। इसके साथ ही पैरिफेरी रोड हार्डवेयर चौक से प्याली चौक तक सड़क का स्कोप आफ वर्क चेंज, निगम के 10 वार्डों में बिना विकास कार्य किए ही ठेकेदारों की पेमेंट की अदायगी, जांच अधिकारियों का तबादला तथा अवैध निर्माण के मामले को लेकर मुख्यमंत्री को शिकायत सौंपी है। सभी मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।