हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश वासियों की सुविधा के लिए इंटर तहसील रजिस्ट्री योजना शुरू करने का ऐलान किया है। नए साल में लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा। बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अब एक जिले में किसी भी तहसील में जमीनों की रजिस्ट्री करवाई जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक तहसील में जमीन की खरीदो-फरोख्त करने वाला व्यक्ति अपनी सुविधा के अनुसार जिले के किसी भी तहसील में जाकर अपना जमीन की रजिस्ट्री करवा सकता है। प्रदेश के लोगों को इंटर तहसील रजिस्ट्री योजना का लाभ एक अप्रैल से मिलेगा।
(SUBHEAD)
मनोहर लाल ने बताया कि प्रदेश में जमीनों का रिकार्ड कंप्यूटरीकृत हो चुका है। जिसके बाद इस योजना को शुरू किया गया है। इंटर तहसील रजिस्ट्री योजना महज एक ट्रायल है। भविष्य में इस योजना का विस्तार करते हुए जिला स्तर पर लागू किया जाएगा। जिसके तहत हरियाणा का रहने वाला व्यक्ति किसी एक जिले में जमीन का मालिक होने अथवा खरीदो-फरोख्त करने पर अपनी सुविधा के अनुसार दूसरे किसी भी जिले की तहसील में जाकर रजिस्ट्री करवा सकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने लाल डोरा सीमा के भीतर लोगों को जमीन के मालिकाना हक देने के लिए करनाल जिले के सिरसी गांव से शुरू किया था। हरियाणा द्वारा प्रदेश के सभी जिलों के गावों को चरणबद्ध तरीके से कवर किया जा रहा है। हरियाणा की इस योजना को केंद्र सरकार ने सराहा है। जिसके चलते देश के आठ राज्यों में गावों में लाल डोरा सीमा के भीतर मालिकाना हक देने की शुरूआत की है।