हरियाणा में आज से शुरू होगी एचटेट परीक्षा
ढाई लाख से अधिक अभ्यार्थियों के लिए बनाए 355 परीक्षा केंद्र
सरकार ने जारी की कोरोना गाइडलाइन, दो घंटे पहले पहुंचना जरूरी
एक घंटा पहले बंद होगी परीक्षा केंद्र में एंट्री
चंडीगढ़। हरियाणा में शनिवार से दो दिवसीय एचटेट परीक्षा शुरू होने जा रही है। जिसमें ढाई लाख से अधिक अभ्यार्थी भाग लेंगे। कोरोना काल में यह पहला मौका है जब प्रदेश सरकार द्वारा अध्यापक पात्रता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। एक तरफ जहां सरकार भविष्य के लिए अध्यापकों को तैयार कर रही है वहीं हालही में सरकार ने एचटेट की मान्यता को सात साल किया था। शुक्रवार को शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षा डयूटी में शामिल होने वाले कर्मचारियों के लिए फाइनल निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कोरोना को देखते हुए विद्यार्थियों को दो घंटा दस मिनट पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा के शुरू होने से लगभग 60 मिनट पहले ही केन्द्र पर अभ्यर्थियों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद अभ्यर्थी को किसी भी अवस्था में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जायेगा। प्रवेश-पत्र पर अंकित परीक्षा कक्ष में प्रवेश का समय सुबह के सत्र में 9.30 बजे एवं सांयकालीन सत्र में प्रवेश का समय 2.30 बजे रहेगा, जिसे परीक्षा कक्ष में प्रवेश का अंतिम समय माना जाएगा। सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा कक्ष में उपस्थित पर्यवेक्षक द्वारा अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र, पहचान पत्र की जॉच करेगा तथा कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत अभ्यर्थियों को मास्क इत्यादि लगवाना सुनिश्चित करेगा।
(SUBHEAD)
इस बीच हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव ने बताया कि इस परीक्षा में दो लाख 61 हजार 299 अभ्यर्थी 355 परीक्षा केन्द्रों पर प्रविष्ट होंगे। शनिवार को लेवल-3(पीजीटी) की परीक्षा सांयकालीन सत्र में संचालित होगी, जिसमें 279 परीक्षा केन्द्रों पर 82,185 अभ्यर्थी प्रविष्ट होंगे। इसी प्रकार 3 जनवरी को प्रात कालीन सत्र में लेवल-2(टीजीटी) की परीक्षा का संचालन होना है इस परीक्षा में 351 परीक्षा केन्द्रों पर 1,05,481 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे तथा लेवल-1(पीआरटी) की परीक्षा का संचालन सांयकालीन सत्र में में होगा, जिसमें 259 परीक्षा केन्द्रों पर 73,633 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।