हरियाणा पुलिस ने एक साल में बरामद किए दो हजार गुम हुए मोबाइल
हिसार में बरामद हुए सर्वाधिक हैंडसेट
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत विभिन्न स्थानों से अलग-अलग समय में खोए या चोरी हुए करीब एक करोड़ 61 लाख रुपये के 2048 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने यह मोबाइल फोन वर्ष 2020 के प्रथम 11 माह के दौरान बरामद कर उनके मालिकों को वापिस किए। हरियाणा पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में मिली शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की आईटी व साइबर सेल की टीमों ने ऐसे मोबाइल फोन के सिम और आइएमईआई नंबर को ट्रैक कर हैंडसेट को टे्रस किया। गत वर्ष इस अवधि में बरामद 2048 हैंडसेट में कीमती हाई-एंड स्मार्ट फोन भी शामिल हैं। पुलिस द्वारा बरामद किए गए फोन में से अधिकांश हैंडसेट यूजऱ द्वारा गलती से गुम हो गए थे तथा कुछ अन्य चोरी भी हो गए थे।
(SUBHEAD)
डीजीपी ने बताया कि हिसार में सर्वाधिक 252 मोबाइल फोन बरामद किए गए जबकि यमुनानगर में 145, गुरुग्राम में 144, कैथल में 140, पंचकूला में 137, सिरसा में 117, करनाल में 94, हांसी में 93, अंबाला और सोनीपत में 88-88 मोबाइल फोल पुलिस ने ढूंढ कर लोगों को सौंपे। गत वर्ष जनवरी से नवंबर तक जीआरपी ने भी 109 मोबाइल फोन की रिकवरी की है।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा हैंडसेट की रिकवरी के बाद शिकायतकर्ता से संपर्क कर असली मालिक को मोबाइल लौटाया गया है। यादव ने कहा कि पुलिस नवीनतम तकनीक की मदद से लगातार लापता मोबाइल फोन को ढूंढने का काम कर रही है।