आंदोलन में किसानों की मौत बेहद दुखद:चौटाला
पूर्व सीएम ने किसान आंदोलन पर प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
देश व किसान हित में कृषि कानून वापस लेने की अपील
चंडीगढ़, 28 दिसम्बर। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर देश व किसान हित में कृषि कानूनों को वापिस लेने की अपील की है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा की किसानों को इस भीषण ठंड में आंदोलनरत हुए एक महीने से भी ऊपर का समय हो गया है लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। यह एक दुखद स्थिति है।
उन्होंने लिखा कि संभवत:सरकार द्वारा कृषि कानूनों के संबंध में किसानों से संवाद स्थापित करने में कोई चूक रह गई है जिसकी वजह से टकराव की स्थिति पैदा हो गई है। इनेलो सुप्रीमो ने प्रधानमंत्री को याद दिलाते हुए लिखा कि हमारे देश में पिछली शताब्दी में स्वतंत्रता आंदोलन के पहले दशकों में इसी प्रकार चार बड़े आंदोलन हुए थे जिनका नेतृत्व महात्मा गांधी और सरदार पटेल जैसे नेताओं ने किया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को लिखा कि किसानों को तीनों कृषि संबंधी कानून स्वीकृत नहीं हैं इसलिए हठधर्मिता छोड़ कर किसानों की मांग को मान लेना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री को लिखा कि इन कृषि कानूनों को लागू करने में जल्दबाजी न की जाए और न ही इसे अहं का विषय बनाया जाए क्योंकि किसान के लिए जमीन का एक छोटा सा टुकड़ा भी अपनी जान से प्यारा होता है। इनेलो सुप्रीमो ने 50 किसानों की मौत पर गहरा दुख प्रकट करते हुए लिखा कि इससे ज्यादा विडंबना क्या होगी के भारत जैसे कृषि प्रधान देश में किसान का एक विशेष स्थान है लेकिन फिर भी अपने हकों के लिए सडक़ पर आंदोलन करने पर मजबूर है।