सांपला नगर पालिका में हुआ सर्वाधिक मतदान
चुनाव आयोग ने निकाय चुनावों पर जारी की रिपोर्ट
अंबाला,पंचकूला व सोनीपत में 60 फीसदी से भी पार नहीं हुई वोटिंग
खाकी के पहरे में रखी 888 ईवीएम
चंडीगढ़। हरियाणा में रविवार को हुए स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने सोमवार को अंतिम रिपोर्ट जारी कर दी है। जिसके अनुसार प्रदेश सात निकायों में औसतन कुल 59.8 प्रतिशत मतदान हुआ है। हरियाणा में सबसे अधिक मतदान रोहतक जिला की सांपला नगर पालिका में हुआ है जबकि सबसे कम मतदान पंचकूला नगर निगम क्षेत्र में हुआ है।
रविवार को हरियाणा के पंचकूला, अंबाला तथा सोनीपत नगर निगमों के अलावा रेवाड़ी नगर परिषद, सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगर पालिका के आम चुनाव के लिए मतदान हुआ है। इसके अलावा इंद्री नगर पालिका के वार्ड-7, फतेहाबाद नगर परिषद के वार्ड-14 तथा सिरसा नगर परिषद के वार्ड-29 के उपचुनाव के लिए मतदान हुआ है।
चुनाव आयोग द्वारा सोमवार को जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में कुल सात लाख 78 हजार 917 मतदाताओं में से चार लाख 65 हजार 734 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यह कुल मतदाताओं का 59.8 प्रतिशत बनता है। हरियाणा के चुनाव आयुक्त डॉ.दलीप सिंह के अनुसार अंबालानगर निगम में कुल एक लाख 87 हजार 604 मतदाताओं में से एक लाख पांच हजार 683 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी प्रकार पंचकूला नगर निगम में एक लाख 85 हजार 708 मतदाताओं में से एक लाख तीन हजार 768 तथा सोनीपत नगर निगम में दो लाख 48 हजार 100 में से एक लाख 43 हजार 187 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उन्होंने बताया कि रेवाड़ी नगर परिषद में एक लाख सात हजार 413 मतदाताओं में से 74 हजार 277 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है। रोहतक जिला की सांपला नगर पालिका में 14 हजार 390 में से 11 हजार 735 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। धारूहेड़ा नगर पालिका में 22018 में से 16 हजार 244 तथा उकलाना नगर पालिका में 13 हजार 684 में से 10 हजार 840 मतदाताओं ने वोट डाले हैं।
चुनाव आयुक्त ने बताया कि बताया कि कुल 888 ईवीएम को संबंधित क्षेत्रों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करवाया जा रहा है। ईवीएम की सुरक्षा के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है। अब 30 दिसंबर को मतगणना के बाद निर्वाचित प्रत्याशियों का ऐलान किया जाएगा।
इसी में बाक्स----
कहां हुआ कितने प्रतिशत मतदान
निकाय का नाम मतदान प्रतिशत्ता
अंबाला 56.3
पंचकूला 55.9
सोनीपत 57.7
रेवाड़ी 69.2
सांपला 81.5
धारूहेड़ा 73.8
उकलाना 79.2