किसान संगठनों ने टोल फ्री किया हरियाणा
प्रदेश में तीन दिन बिना पर्ची के निकलेंगे वाहन
दिनभर टोल प्लाज़ाओं पर किसानों ने दिया धरना
चंडीगढ़, 25 दिसम्बर। कृषि कानूनों को निरस्त करवाने को लेकर दिल्ली सीमा में चल रही किसानों की मोर्चाबंदी को एक महीना पूरा हो गया है। केंद्र सरकार के रवैये को देखते हुए संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से हरियाणा में तीन दिन तक सभी टोल प्लाजा को फ्री करने का ऐलान किया गया। ऐलान के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश भर के सभी टोल प्लाजा पर किसान एकत्रित होना शुरू हुए और टोल प्लाजा को मुक्त करवाया। वहीं निसिंग के गुरुद्वारा नानकसर से बाबा राम सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद लौट रहे इनेलो के प्रधान महासचिव व ऐलानाबाद विधायक अभय चौटाला ने घरौंडा टोल प्लाजा पर किसानों के बीच बैठकर अपना समर्थन दिया
शुक्रवार को हरियाणा में दूसरी बार टोल प्लाजा को पर्ची मुक्त किया गया। आगामी तीन दिन सभी टोल पर वाहन बेरोकटोक निकलेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से हरियाणा में 25, 26 व 27 दिसम्बर को सभी टोल को फ्री करने का ऐलान किया गया था। ऐलान के तहत प्रदेश के सभी एनएचआई और स्टेट हाइवे के टोल पर किसानों ने कब्जा जमा दिया और वाहनों की आवाजाही फ्री कर दी। किसानों ने कृषि कानूनों के विरोध में यमुनानगर के गधौला टोल पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके साथ ही किसानों ने गुरुवार देर रात्रि ही एनएच-44 पर स्थित मुरथल टोल को फ्री करवा दिया था। पानीपत, कैथल, हिसार जींद, रोहतक, करनाल, अंबाला, पंचकूला व अन्य तमाम टोल प्लाजा को किसानों ने आगामी तीन दिन के लिए फ्री कर दिया है।
हरियाणा में यह हैं एनएचआई के टोल प्लाजा
हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के 18 टोल प्लाजा हैं। इनमें कैथल-हरियाणा राजस्थान बार्डर एनएच-52 पर बाड़ोपत्ती, एनएच-52 पर ही चौधरीवास व एनएच-52 पर ही नरवाना, हिसार-डबवाली एनएच-9 पर भावदीन व एनएच-9 पर लडहरियां, रोहतक-पानीपत एनएच-71ए पर डाहर व एनएच-71ए पर मड़कौली कलां, रोहतक बावल एनएच-71 पर डीघल और रोहतक-बावल एनएच-71 पर ही घनछया जाट, हिसार-डबवाली, रोहतक-हिसार एनएच-10 पर मदीना कोरसान व एनएच-10 पर खुहियां मलकान, एनएच-10 पर रामायणा तथा दिल्ली-हरियाणा-रोहतक हिसार एनएच-10 पर रोहड़, यमुनानगर-पचंकूला एनएच-73 पर मिल्क माजरा तथा पानीपत-अंबाला एनएच-44 पर पानीपत एलिवेटिड हाइवे, एनएच-44 पर ही घरौंड़ा, पानीपत-जालंधर एनएच-44 पर लाडोवाल व एनएच-44 पर ही शंभू बार्डर घग्गर पर टोल प्लाजा स्थित है।