एचटेट परीक्षा परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा डेढ़ घंटे पहले
बोर्ड चेयरमैन व सचिव के स्पेशल उडऩदस्तों की हुई बैठक
स्पेशल फ्लाइंग ट्रेजरी कार्यालय प्रश्नपत्रों पर रखेगी नजर
चंडीगढ़, 21 दिसम्बर। हरियाणा में दो और तीन जनवरी को होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2020 के सफल संचालन को लेकर हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा समय से डेढ़ घंटे पहले पहुंचना होगा। इसके अलावा स्पेशल फ्लाइंग ट्रेजरी कार्यालय जहां प्रश्नपत्र रखे जाएंगे उन पर भी नजर रखेगी। परीक्षा से एक दिन पहले फ्लाइंग यहां पर पहुंच कर भी चेकिंग करेंगी।
2 जनवरी, 2021 को लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा सांय 3-00 बजे से 5-30 बजे रहेगा। 3 जनवरी की परीक्षा सुबह के सत्र में 10 बजे से 12-30 बजे तक होगी। सांय कालीन सत्र की परीक्षा का संचालन 3 बजे से 5-30 बजे तक होगा। नकल रहित संचालन के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने पूरी तैयारी कर ली है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों से प्रदेश भर में बने परीक्षा केंद्रों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
सोमवार को बोर्ड चेयरमैन और सचिव के स्पेशल उडऩदस्तों की हुई बैठक में परीक्षा के सफल संचालन पर मंथन हुआ। बोर्ड चेयरमैन डा. जगबीर सिंह और सचिव राजीव प्रसाद ने नकल रहित परीक्षा के सफल संचालन के लिए जरूरी निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान आने वाली दिक्कतों के बारे में भी अपडेट ली गई।
बॉक्स-
एचटेट परीक्षा में 2 लाख 61 हजार 299 परीक्षार्थी बैठेंगे-
एचटेट परीक्षा में दो लाख 61 हजार 299 उम्मीदवार परीक्षा देंगे। 2 जनवरी, 2021 को लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा सांय 3:00 बजे से 5:30 बजे तक होगी। इसमें 82,185 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 3 जनवरी, 2021 की परीक्षा सुबह के सत्र में 10 बजे से 12:30 बजे तक होगी। इसमें लेवल-2(टीजीटी) के 1,05,481 अभ्यर्थी प्रविष्ट होंगे। सांय कालीन सत्र की परीक्षा का संचालन 3 बजे से 5:30 बजे तक होगा। इसमें लेवल-1 (पीआरटी) के 73,633 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
बॉक्स-
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में भी बनेगा कंट्रोल रूम-
1 से 3 जनवरी तक सभी जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में भी एक कंट्रोल रूम स्थापित रहेगा। इस कंट्रोल रूम पर नियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी अपने कार्यालय के एक अधिकारी, दो कर्मचारी तथा एक चतुर्थ श्रेणी की नियुक्ति अपने स्तर पर करेंगे। इस कंट्रोल रूम पर नियुक्त अधिकारी बोर्ड मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम से सीधा संपर्क बनाए रखेंगे।
बॉक्स-
किसी भी अपडेट के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर-
शिक्षा बोर्ड ने एचटेट परीक्षा में किसी प्रकार की अपडेट के लिए हेल्पलाइन नंबर 01664- 254301, 254302, 254304, 254601, 254604 जारी किया है। इसके अलावा वॉट्सअप नंबर 8816840349 पर भी अपडेट किया जा सकता है। परीक्षा से पहले सभी जिला शिक्षा अधिकारी अपने-अपने जिले के उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रमुख केन्द्र अधीक्षक, केन्द्र अधीक्षक एवं प्रशासनिक एवं राजपत्रित अधिकारियों की बैठक लेंगे। बैठक की तिथि निश्चित होने उपरान्त उसकी सूचना बोर्ड कार्यालय को ई-मेल पर दी जाएगी ताकि बोर्ड द्वारा एक-एक अधिकारी भेजा जा सके।
बॉक्स-
परीक्षा हाल में इलेक्ट्रोनिक उपकरण ले जाने पर रहेगी पाबंदी
अभ्यर्थी को इलेक्ट्रोनिक उपकरण मोबाइल फोन, पेजर, ब्लूटुथ, कैल्कुलेटर, घड़ी व मुद्रित कागज अथवा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा हाल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। किसी के पास इस तरह के उपकरण मिले तो यूएमसी बनाया जाएगा। इतना ही नहीं केंद्र अधीक्षक के माध्यम से एफआइआर भी दर्ज करवाई जाएगी। जैमर, बायोमैट्रिक, विडियोग्राफी, सीसीटीवी कैमरों की चेकिंग लगातार की जाएगी। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से अभ्यर्थियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
बॉक्स-
महिला उम्मीदवारों को मंगलसूत्र पहनने और धार्मिक आस्था के चिह्न ले जाने की रहेगी छूट-
एचटेट परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र पहनने, बिन्दी व सिंदूर लगाने की ही छूट रहेगी। अंगूठी, चैन, बालियां इत्यादि ले जाने की स्वीकृति नहीं होगी। सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक आस्था के चिह्न ले जाने की अनुमति होगी। नेत्रहीन, अशक्त अभ्यर्थियों का 20 मिनट प्रति घंटा के हिसाब से कुल 50 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे। इसकी ओएमआर सीट भी अलग से लिफाफा में केंद्र अधीक्षक द्वारा भेजी जानी है। परीक्षा आरम्भ होने के पश्चात 15 मिनट के अंदर शेष बची अप्रयुक्त बुकलेट्स कपड़े की थैली लिफाफे में डालकर तुरंत सील करना अनिवार्य होगा।
बॉक्स-
स्पेशल उडऩदस्तों को दिए स्पेशल निर्देश-
बोर्ड चेयरमैन और सचिव ने स्पेशल उडऩदस्तों को स्पेशल निर्देश दिए और कहा कि हर हाल में हमने एचटेट परीक्षा को नकल रहित संचालित करना है। इसके लिए आपको अलर्ट रहना है। ड्यूटी में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिसको जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसको गंभीरता पूरा करना है। किसी ने ढिलाई बरती तो उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी।