हरियाणा में फर्जी राशनकार्ड धारकों पर नकेल कसेगी सरकार
सरकार ने तीन-तीन सदस्यों वाली कमेटियों का गठन
हरियाणा में फर्जी राशनकार्ड धारकों पर सरकार नकेल कसने की तैयारी में है। इसके लिए सरकार ने तीन-तीन सदस्यों वाली कमेटियों का गठन कर दिया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पात्र परिवारों को समयबद्ध तरीके से राशन की आपूर्ति करने की दिशा में राज्य का खाद्य एवं आपूर्ति विभाग कईं कड़े कदम उठाने जा रहा है।
फर्जीवाड़े और राशन कार्ड में फर्जी यूनिट चढ़ाए जाने की शिकायतों को देखते हुए प्रदेश खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एसीएस ने आला अफसरों के साथ में विचार-विमर्श के बाद जिलों में जांच के लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारियों के नेतृत्व में तीन-तीन सदस्यों वाली कमेटियों का गठन कर दिया है।
कमेटियों द्वारा सारी सूची का वैरिफिकेशन, दस्तावेजों आधार आदि की जांच की जाएगी। जिसके बाद में फर्जी राशनकार्ड और यूनिट कैंसल कर दिए
जाएंगे। भरोसेमंद उच्च सूत्रों का कहना है कि यमुना नगर, नूंह मेवात, कुरुक्षेत्र, पानीपत, कैथल समेत कईं जिलों से ज्यादा शिकायतें मिली हैं। जिसके बाद में हरियाणा खाद्य एंव नागरिक आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास ने सभी जिलों में डीएफएससी के नेतृत्व में तीन सदस्यों वाली कमेटी का गठन कर दिया है।
कमेटी द्वारा वैरिफिकेशन के काम की शुरुआत कर दी गई है, इस दौरान फर्जी राशन कार्डों व यूनिट को तत्काल प्रभाव से केंसिल कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि यह वैरिफिकेशन चुनिंदा जिलों में नहीं बल्कि सभी में होगा। लेकिन जिन जिलों में ज्यादा फर्जीवाड़े की शिकायतें हैं, उनकी जांच पहले की जा रही है। इसके अलावा इस जांच पड़ताल के बाद में काल सेंटर की ओऱ से काल कर घर के मुखिया और यूनिट को लेकर भी रीचेक का काम होगा, बाद में जिन जिलों में लापरवाही मिलेगी, वहां के जिम्मेदार अफसरों व कर्मियों पर शिकंजे की तैयारी है।