निकाय दंगल में कूदे 890 योद्धा
सोनीपत, पंचकूला व अंबाला में मेयर पद के लिए 37 उम्मीदवारों ने ठोकी ताल
शहरी निकायों के 136 वार्डों में 800 उम्मीदवार अजा रहे हैं किस्मत
चंडीगढ़, 20 दिसम्बर । शहरी निकाय चुनाव के दंगल में 890 योद्धा आमने-सामने हैं। तीन निगमों की चौधर को लेकर 37 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है जबकि रेवाड़ी नगर परिषद व धारूहेड़ा, सांपला व उकलाना नगर पालिका की चेयरमैनी को लेकर 53 उम्मीदवार जोर-अजमाईश कर रहे हैं।
प्रदेश में सोनीपत, अंबाला व पंचकूला नगर निगम के मेयर तथा रेवाड़ी नगर परिषद के चेयरमैन को लेकर सीधा मतदान होगा। लिहाजा नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने तथा नाम वापसी के बाद मेयर और चेयरमैन के लिए तीन निगम, एक परिषद और तीन नपा के चुनाव के लिए 90 उम्मीदवर मैदान में हैं। यही नहीं सभी शहरी निकायों में वार्डों की संख्या 136 है, जिनमें 800 उम्मीदवार पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं। यदि मेयर पद के उम्मीदवारों की बात की जाए तो सबसे ज्यादा सोनीपत में 16 उम्मीदवार अपनी किस्मत अजमा रहे हैं, जबकि पंचकूला में 11 और अंबाला में 10 उम्मीदवार आमने-सामने हैं। वहीं रेवाड़ी नगर परिषद के लिए 20, धारूहेड़ा में 13, सांपला में छह और उकलाना नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।
शहरी निकायों में 27 दिसंबर को मतदान होगा और 30 दिसंबर को नतीजे घोषित हो जाएंगे। लिहाजा चुनाव आयोग की ओर से चुनाव प्रक्रिया की तमाम तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। राज्य चुनाव आयुक्त डा. दलीप सिंह के मुताबिक सभी शहरी निकायों में आचार संहिता का अनुपालन कराने के लिए आब्जर्वर नियुक्त किए जा चुके हैं। हर निकाय में एक आइएएस, एक आइपीएस और एक आबकारी विभाग के अधिकारी को नियुक्त किया गया है। चुनाव में शराब आवंटन को रोकने तथा अन्य अवांछित गतिविधियों की जांच के लिए प्रत्येक पर्यवेक्षक की गाड़ी में वीडियोग्राफी का इंतजाम किया गया है।
चुनाव आयुक्त ने बताया कि प्रचार के दौरान सभी उम्मीदवारों को कोविड की वजह से फिजिकल डिस्टेंसिंग के नियमों का अनुपालन करने की हिदायतें दी गई हैं। उम्मीदवारों से कहा गया है कि वह मास्क जरूर पहनें और हाथों को समय-समय पर सेनिटाइज करते रहें।