अजय व दुष्यन्त के साथ परिवारिक रिश्ते पहले, राजनीतिक बाद में:रणजीत चौटाला
बोले,हमारी मुलाकात को राजनीतिक रंग देना कोरी कल्पना
पांच साल कटिबद्धता और प्रतिबद्धता के साथ सरकार के साथ खड़ा हूं
चंडीगढ़, 19 दिसंबर।
हरियाणा के बिजली एवं जेल मंत्री चौ. रणजीत सिंह चौटाला ने अपने भतीजे अजय सिंह चौटाला और पोते दुष्यंत चौटाला के साथ हुई मुलाकात को पूरी तरह से पारिवारिक बताया है। पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला के छोटे भाई चौ. रणजीत चौटाला ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हम एक परिवार ही हैं और परिवार के नाते हमारी आपस में मुलाकात होती रहती है। इसमें कहीं भी राजनीति नहीं है।
कैबिनेट मंत्री चौ. रणजीत चौटाला ने कहा कि चौ. ओमप्रकाश चौटाला मेरे सगे बड़े भाई हैं। उनके बच्चे और हमारे बच्चे एक ही हैं। कभी मैं अजय और दुष्यंत के पास चला जाता हूं और कभी वो मेरे पास आ-जा सकते हैं। हमारा परिवार के नाते आना-जाना लगा रहता है। जब हम परिवार में मिलते हैं तो हमारे बीच राजनीति की कोई बात नहीं होती।
चौ. रणजीत चौटाला ने कहा कि पारिवारिक बातचीत के दौरान राजनीति की बातें न हों, इस पर वह भी संयम रखते हैं और हम भी संयम रखते हैं। हमारी मुलाकात को राजनीतिक रंग देने वाले लोगों की यह कोरी कल्पना है। रणजीत चौटाला ने कहा कि 20 साल संघर्ष करते हुए मैं राजनीतिक रूप से दोबारा उभर कर आया हूं। परिवार एक अलग बात है और चौ.ओमप्रकाश चौटाला मेरे बड़े भाई हैं लेकिन उनकी सरकार से तो मैं इस्तीफा देकर बाहर आया था। भीख मांगना न तो कभी मेरे पिता स्व. चौ. देवीलाल जी के चरित्र में था और न ही रणजीत चौटाला के चरित्र में है।
मैंने चुनाव लड़ने से पहले ही कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। क्योंकि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी की शख्सियत राहुल गांधी से कई गुना बड़ी थी। हरियाणा में खंडित जनादेश से सरकार बनी थी। मैंने नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पिछले 5 साल की कार्यशैली को देखते हुए देखते हुए अपने कार्यकर्ताओं की बैठक करके ये फैसला लिया था कि मुझे इस सरकार की 5 साल तक अनकंडीशनल स्पोर्ट करनी है, क्योंकि दोनों के बीच विश्वास सबसे मजबूत कड़ी है। आज भी मैं अपनी जुबान पर कायम हूं। मेरी जुबान ही मेरी पहचान है। राजनीतिक व प्रशासनिक मामलों में माननीय मुख्यमंत्री हमेशा मेरी बातों को गंभीरता से सुनते हैं और मेरे हलके के लोगों का काम करते हैं। मैं पूरे पांच कटिबद्धता और प्रतिबद्धता के साथ सरकार के साथ खड़ा हूँ।