अब टूरिज्म चेयरमैन गोलन ने खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा
मंत्री कंवरपाल से नाराज हो बैठकों व कार्यलय से बनाई दूरी
बोले चेयरमैन के फैसलो को पलट रहे मंत्री
पर्यटन मंत्री के खिलाफ सीएम को की शिकायत
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक एवं पर्यटन विभाग के चेयरमैन रणधीर गोलन ने अपने ही विभाग के मंत्री पर निशाना साधते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गोलन ने मंत्री पर उनके फैसलों को पलटने ओर चेयरमैन को कोई अधिकार न देने का आरोप लगाया है।
गोलन पूंडरी से निर्दलीय विधायक हैं और सरकार को समर्थन दिए जाने के बाद उन्हें पर्यटन विकास निगम का चेयरमैन बनाया गया था।
किसान आंदोलन के बीच एक माह में यह दूसरा मौका है जब सरकार को समर्थन देने वाले निर्दलीय विधायक एवं चेयरमैन ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। इससे पहले पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन सोमबीर सांगवान भी इस्तीफा देकर सरकार से समर्थन वापस ले चुके हैं। इस घटनाक्रम के बाद हालही में निर्दलीय विधायकों की एक बैठक पंचकूला में रणधीर गोलन के आवास पर हुई थी। जिसके बाद गोलन व तीन अन्य निर्दलीय विधायकों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की थी।
जिसके परिणाम आज सामने आ गए हैं। रणधीर गोलन ने पर्यटन मंत्री कंवरपाल गुर्जर पर उनके काम मे अड़ंगा लगाने का आरोप लगाते हुए कहा पर्यटन विभाग पिछले करीब 10 साल से घाटे में चल रहा है। सरकार इसका निजीकरण करना चाहती है। इस बारे में बनाई गई सब कमेटी का चेयरमैन होने के नाते वह कई बैठकें कर चुके हैं। वह चाहते हैं कि निजीकरण की बजाए इस विभाग को ऐसे ही घाटे से उबारा जाए। गोलन ने पर्यटन मंत्री पर उनके फैसलों को पलटने ओर उन्हें काम करने के लिए बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने फैसला लिया है कि वह न तो विभाग की कोई बैठक बुलाएंगे ओर न ही किसी बैठक में जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब एक माह से दफ्तर नही जा रहे हैं।
गोलन ने कहा कि जब बतौर चेयरमैन उन्हें कोई अधिकार ही नहीं दिया जा रहा तो चेयरमैन पद की उन्हें कोई लालसा नही है। गोलन ने सरकार को दिए समर्थन पर कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को समर्थन दिया है मंत्री कंवरपाल को नहीं। उन्होंने कहा कि वह अपनी बात मुख्यमंत्री के सामने रख चुके हैं। इस बैठक में मंत्री कंवरपाल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने जल्द सबकुछ सामान्य होने का आश्वासन दिया है।
इसी में बॉक्स-----
चाहे तो किसी ओर को जिमेदारी दे दे सरकार
अपने ही विभाग के मंत्री के साथ विवाद का आधार बताने से इनकार करते हुए गोलन ने कहा कि वह 14 माह से विधायक हैं और करीब एक साल से चेयरमैन हैं। अधिकार नही दिए जाने का कारण उन्होंने अपने विभाग में रुचि लेना छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार अगर चाहे तो यह जिम्मेदारी किसी ओर को दे सकती है।
समय आने पर करूँगा खुलासा
पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन रणधीर गोलन ने कहा कि वह समय आने पर उन फैसलों के बारे में खुलासा करेंगे जिनके लागू होने से पर्यटन विभाग घाटे से बाहर आ सकता है लेकिन विभाग के मंत्री शायद ऐसा नही चाहते हैं।