हरियाणा : राज्य चुनाव आयोग जुटा मतदाता सूची अपडेट करने में
22 जिप और 147 समितियों का होगा गठन
चंडीगढ़। हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य चुनाव आयोग ने ग्रामीण क्षेत्र की मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य शुरू कर दिया है। कोरोना काल को देखते हुए राज्य चुनाव आयोग की ओर से संक्रमण के बचाव के तमाम प्रबंधों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। कोविड गाइडलान के अनुसार ही आयोग की ओर से चुनावी प्रबंधों को अमलीजामा पहनाने का कार्य किया जा रहा है।
प्रदेश की गठबंधन सरकार ने इस बार पंचायती राज संस्था के जिला परिषद, ब्लाक समिति, सरपंच व पंच के चुनावों को निर्धारित समय पर करवाने का फैसला लिया है। बाकायदा पिछले दिनों में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास पर हरियाणा मंत्रिमंडल की अनौपचारिक बैठक में चर्चा भी हो चुकी है। इसी बैठक के बाद राज्य चुनाव आयोग को पत्र लिखकर चुनाव करवाने के लिए हरी झंडी दी गई। अब चुनाव आयोग मतदाता सूचियों के हिसाब से चुनाव कार्यक्रम तय करने में जुटा है।
प्रदेश में 22 जिला परिषदों के अलावा 147 पंचायत समितियों का गठन होना है। जिला परिषद चेयरमैन व ब्लाक समिति के अध्यक्ष का फैसला चुने हुए पार्षद ही करेंगे। इसी तरह से करीब 6200 पंचायतों में सरपंचों और इन गांवों के करीब साढ़े 60 हजार पंच पदों के लिए चुनाव होंगे। जिला परिषद, ब्लाक समिति तथा सरपंच पद के उम्मीदवार के लिए 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसी तरह से सामान्य श्रेणी के पंचों के लिए आठवीं पास होना जरूरी है। अनुसूचित जाति व महिला पंचों के लिए 5वीं पास होना अनिवार्य है।
राज्य चुनाव आयुक्त डॉ. दलीप सिंह का कहना है कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों से पहले इनका नए सिरे से गठन किया जाएगा, इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सरकार की ओरेस चिट्ठी लिखने की सूचना जरूरी है, लेकिन अभी तक उनके पास चिट्ठी नहीं आई है। चिट्ठी मिलते ही पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों पर फैसला लिया जाएगा।