सीएम से मुलाकात के बाद बोले निर्दलीय विधायक
जो करेगा हमारे क्षेत्र का विकास उसका देंगे साथ
कृषि कानूनों पर जल्द खत्म होगा गतिरोध
चंडीगढ़। कृषि कानूनों के मुद्दे पर अलग बैठक करके राजनीतिक चर्चाओं को जन्म देने वाले निर्दलीय विधायकों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में आस्था जताई है। सीएम से मुलाकात करने वाले चारों निर्दलीय विधायकों ने साफ कर दिया है कि जो उनके विधानसभा क्षेत्र का विकास करेगा वह उसका साथ देंगे।
पंचकूला में मंगलवार को निर्दलीय विधायक एवं पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन रणधीर सिंह गोलन के निवास पर एक बैठक हुई थी। जिसमें पृथला से निर्दलीय विधायक एवं वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन नयनपाल रावत, नीलोखेड़ी से विधायक एवं वन विकास निगम के चयरमैन धर्मपाल सिंह गोंदर, बादशाहपुर से विधायक राकेश दौलताबाद तथा दादरी के विधायक एवं हालही में इस्तीफा देने वाले सोमबीर सांगवान ने हिस्सा लिया था।
इस बैठक के बाद मंगलवार को देररात चार विधायकों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ बैठक की। इस बैठक के बाद तमाम अटकलों पर विराम लग गया है। निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत ने कहा कि कृषि कानून किसानों के हक में हैं। सरकार को चाहिए कि वह पहले इन्हें ट्रायल के तौर पर लागू करे। रावत ने कहा कि इन कानूनों को लेकर किसानों को गुमराह करने की बजाए समझाने की जरूरत है। विधायक रणधीर गोलन तथा धर्मपाल गोंदर ने कहा कि चारों निर्दलीय विधायक सरकार के साथ हैं। जो भी सरकार उनके क्षेत्र का विकास करेगी वह उसका समर्थन करेंगे। दोनों विधायकों ने साफ किया कि उनके मुख्यमंत्री के साथ किसी तरह के मतभेद नहीं हैं। केवल औपचारिक मुलाकात के तहत ही वह मुख्यमंत्री से मिले हैं। इस बैठक में कृषि कानूनों के मुद्दे पर भी चर्चा हुई हैं। सीएम ने केंद्र सरकार के आधार पर आश्वासन दिया है कि बहुत जल्द इस विवाद को सुलझा लिया जाएगा। केंद्र सरकार पूरी तरह से किसानों के हित में है। केंद्र द्वारा किसानों को लगातार बातचीत का न्यौता दिया जा रहा है ताकि इस समस्या का समाधान किया जा सके।