चंडीगढ़, 23 जून: विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) प्रक्रिया के संबंध में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत आशा किरण, सेक्टर-46, चंडीगढ़ स्थित व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र में दिव्यांगजनों (PwDs) के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों, उनके देखभालकर्ताओं तथा संस्थान के कर्मचारियों को एसआईआर प्रक्रिया के महत्व तथा मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन जानकारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता के बारे में जागरूक करना था। प्रतिभागियों को प्रक्रिया, पात्रता मानदंड तथा मतदाता विवरणों के समय पर सत्यापन एवं अद्यतन किए जाने के महत्व की जानकारी दी गई।
समावेशिता एवं प्रभावी संवाद सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक भाषा दुभाषिये (Sign Language Interpreter) की व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रवण बाधित प्रतिभागी कार्यक्रम में दी जा रही जानकारी को भली-भांति समझ सके और जागरूकता सत्र में सक्रिय रूप से भाग ले सके।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सूचना पुस्तिकाएं एवं जागरूकता सामग्री वितरित की गई। अधिकारियों ने उपस्थित प्रतिभागियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। अभियान के माध्यम से समावेशी सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया गया तथा यह सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई कि प्रत्येक पात्र नागरिक, विशेषकर दिव्यांगजन, अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रभावी रूप से उपयोग कर सके।
कार्यक्रम में आशा किरण के प्रशिक्षुओं एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन चंडीगढ़ में दिव्यांगजन समुदाय के बीच मतदाता जागरूकता, सुगम्यता तथा निर्वाचन प्रक्रिया में समावेशी भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।