चंडीगढ़, 5 जून, 2026: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ऊर्जा प्रबंधन प्रकोष्ठ (ईएमसी)/राज्य नामित एजेंसी (एसडीए), चंडीगढ़ द्वारा इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य सतत विकास, ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रतियोगिता में लगभग 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने, सतत जीवनशैली अपनाने तथा भावी पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ऊर्जा एवं संसाधनों के कुशल उपयोग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण हेतु व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्तर पर अपनाए जा सकने वाले विभिन्न उपायों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण तथा अपने दैनिक जीवन में ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने की शपथ भी ली।