मथुरा। कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में समाजसेवी एवं प्रशिक्षक सीता वर्मा द्वारा बच्चों को पार्लर एवं ब्यूटी केयर से संबंधित विभिन्न कार्यों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को पार्लर से जुड़ी बुनियादी तकनीकों, सौंदर्य देखभाल, स्वच्छता एवं व्यावसायिक कौशल की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने कौशल को विकसित किया। सीता वर्मा ने कहा कि कौशल आधारित शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कोर्स पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) प्रदान किए गए। सर्टिफिकेट प्राप्त कर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षुओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा भविष्य में भी ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।