नई दिल्ली,10 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेन्सी (एनआईए) ने आतंकवादी गतिविधियों के लिए सीमा पार से होने वाली फंडिंग और जाली मुद्रा पर लगभग पूरी तरह नकेल कस दी है, जिससे आतंकवादियों के होसले पस्त हो गए हैं। वहीं उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में रोजाना पांच से छह आतंकी मारे जा रहे हैं। सिंह ने कहा कि कोई भी सभ्य देश अपनी सरजमीं से आतंकवाद को फलने फूलने देना स्वीकार नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद एक अभिशाप है और कोई भी सभ्य देश इसे स्वीकार नहीं कर सकता। राजनाथ ने कहा, जाली मुद्रा आतंकवाद को बढ़ाने में सहयोग करती है और उच्च गुणवत्ता वाले जाली नोट आतंकवाद के लिए ऑक्सीजन के रूप में काम करते हैं।
गृहमंत्री ने नई दिल्ली में एनआईए के नए मुख्यालय के उद्घाटन मौके पर कहा कि इस एजेन्सी ने आठ साल के छोटे से समय में ही निष्पक्ष जांच से लोगों के बीच अपनी विश्वसनीयता और साख बनाई है। इसकी विश्वसनीयता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके द्वारा जांचे गये 95 प्रतिशत मामलों में आरोपी दोषी साबित हुए हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच एजेन्सी इसी तरह पेशेवर ढंग से काम करते हुए विश्वसनीयता बनाए रखेगी तथा इसकी साख और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आतंकी फंडिंग में जाली मुद्रा का विशेष महत्व है और एनआईए ने सीमा पार से जाली मुद्रा की तस्करी पर रोक लगाने में काफी हद तक सफलता हासिल की है। इससे आतंकी फंडिंग की कमर टूट गयी है तथा आतंकवादियों के होसले पस्त हो गये हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जांच एजेन्सी काम कर रही है उससे सीमा पार से आने वाले धन के स्रोतों पर जल्द ही पूरी तरह नकेल कस जायेगी।