बूंदी, 14 मई। राजस्थान में लोहार समाज के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक विकास को लेकर “लोहार विकास बोर्ड” के गठन की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में लोहार वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने मुख्यमंत्री के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर समाज के उत्थान के लिए विशेष योजनाएं लागू करने की मांग की है।
लोहार वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सैफी मोहम्मद आरिफ नागौरी ने कहा कि लोहार समाज लंबे समय से शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और सरकारी योजनाओं तक पर्याप्त पहुंच के अभाव जैसी समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए “लोहार विकास बोर्ड” का गठन बेहद आवश्यक है।
ज्ञापन में सरकार से मांग की गई है कि समाज के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजनाएं शुरू की जाएं तथा युवाओं के लिए कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएं। इसके अलावा पारंपरिक व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए आसान ऋण और सरकारी अनुदान उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है।
संगठन ने महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं सशक्तिकरण योजनाएं लागू करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग व छात्रावास सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रतिभाशाली युवाओं एवं खिलाड़ियों को विशेष प्रोत्साहन देने की मांग भी की है।
लोहार वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने उम्मीद जताई कि राजस्थान सरकार समाजहित में सकारात्मक निर्णय लेते हुए लोहार समाज के विकास के लिए ठोस कदम उठाएगी।