चंडीगढ़, 8 मई : पंजाब के राज्यपाल, यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पंजाब के अध्यक्ष गुलाब चंद कटारिया ने आज पंजाब लोक भवन में आयोजित विश्व रेड क्रॉस दिवस के राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता की। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने नागरिकों से करुणा, सहयोग और निस्वार्थ सेवा की भावना को सुदृढ़ कर समावेशी समाज के निर्माण का आह्वान किया। इस वर्ष की थीम “ऑन द साइड ऑफ ह्यूमैनिटी” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह अवसर उन स्वयंसेवकों को सम्मानित करने का है, जो बिना किसी भेदभाव के संकटग्रस्त लोगों की सेवा करते हैं।
विश्व रेड क्रॉस दिवस पर पंजाब के राज्यपाल ने मानवता एवं नशा मुक्त समाज के लिए सामूहिक संकल्प का आह्वान किया
भाई कन्हैया की विरासत रेड क्रॉस की सच्ची भावना को दर्शाती है : राज्यपाल
|
राज्यपाल ने विनाशकारी बाढ़ के दौरान पंजाब रेड क्रॉस द्वारा किए गए सराहनीय राहत कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को भोजन, दवाइयां, टेंट तथा अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। “ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब रेड क्रॉस ने आपदा प्रतिक्रिया प्रशिक्षण, सिविल डिफेंस सहयोग एवं विशाल रक्तदान शिविरों के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने इसे पंजाब के युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बताया। “युद्ध नशों विरुद्ध” अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब के सीमावर्ती जिलों में रेड क्रॉस के माध्यम से आयोजित पदयात्राओं ने युवाओं एवं स्थानीय समुदायों में जागरूकता पैदा की है। उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ इस संघर्ष को जन आंदोलन में बदलने का आह्वान किया, ताकि स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध पंजाब का निर्माण हो सके।
गुरु गोबिंद सिंह जी के शिष्य भाई कन्हैया का उदाहरण देते हुए राज्यपाल ने कहा कि पंजाब की निस्वार्थ सेवा एवं करुणा की परंपरा वास्तव में रेड क्रॉस आंदोलन की भावना को प्रतिबिंबित करती है। उन्होंने कहा कि भाई कन्हैया ने युद्ध के दौरान बिना किसी भेदभाव के दोनों पक्षों के घायल सैनिकों की सेवा की थी, जो रेड क्रॉस की स्थापना से सदियों पहले मानवता एवं निस्वार्थ सेवा के मूल्यों का उदाहरण था। राज्यपाल ने भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पंजाब राज्य शाखा द्वारा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए किए जा रहे विभिन्न मानवीय प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित कर “टीबी मुक्त पंजाब” अभियान को दिए जा रहे सहयोग का विशेष उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने हेनरी ड्यूनांट एवं भाई कन्हैया को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार का प्रदर्शन किया गया, जबकि रेड क्रॉस स्वयंसेवकों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नशामुक्त हो चुके व्यक्तियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत भांगड़ा प्रस्तुति भी दी गई। राज्यपाल ने मानवीय योगदान देने वाले दानदाताओं को सम्मानित किया तथा जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें एवं टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित किए इस अवसर पर प्रशासक सलाहकार परिषद के सदस्य संजय टंडन, राज्यपाल के अतिरिक्त मुख्य सचिव विवेक प्रताप सिंह, रेड क्रॉस सोसाइटी पंजाब के सचिव शिवदुलार सिंह ढिल्लों, उपायुक्त चंडीगढ़ निशांत कुमार यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।