चंडीगढ़, 7 मई 2026: गवर्नमेंट रिहैबिलिटेशन इंस्टीट्यूट फॉर इंटेलेक्चुअल डिसएबिलिटीज (GRIID), सेक्टर-31, चंडीगढ़ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों के तहत चल रहे पांच दिवसीय कार्यक्रम के चौथे दिन स्टाफ सदस्यों के लिए विशेष कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम हरियाणा योग आयोग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। 4 से 8 मई तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष शिक्षा से जुड़े पेशेवरों के बीच समग्र स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और मानसिक कल्याण को बढ़ावा देना है। सत्र में लगभग 50 स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सत्र की शुरुआत प्रार्थना से हुई, जिसके बाद वार्म-अप अभ्यास, योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान कराया गया तथा समापन शांति पाठ के साथ हुआ। गतिविधियों का उद्देश्य दैनिक कार्य जीवन में शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन को बढ़ावा देना रहा। सत्रों का संचालन योग विशेषज्ञ सुश्री मनीषा शर्मा तथा हरियाणा योग आयोग की डॉ. जसप्रीत कौर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम डॉ. अजीत सिडाना एवं डॉ. जयदीप आर्य के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर श्री अनिल कुमार, डॉ. एम. करुप्पासामी, डॉ. रीना जैन, श्री विशाल सभ्रवाल, श्री संदीप शर्मा, श्री शशि सिन्हा एवं श्रीमती स्नेह लता उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए GRIID के संयुक्त निदेशक डॉ. अजीत सिडाना ने कार्यस्थल के तनाव को कम करने एवं मानसिक दृढ़ता बढ़ाने में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला। श्री संदीप शर्मा ने विशेष शिक्षा पेशेवरों के लिए योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि नियमित योग अभ्यास धैर्य, संवेदनशीलता एवं भावनात्मक संतुलन विकसित करने में सहायक है। डॉ. एम. करुप्पासामी ने भी योग को एकाग्रता, माइंडफुलनेस तथा तनाव प्रबंधन के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आशिमा शर्मा, रोमी कुमार, कमलदीप कौर, रीना रानी, प्रियंका सैनी, मोनिका भंडारी एवं मीनू देवी ने सहयोग प्रदान किया। GRIID इस प्रकार की पहलों के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने तथा योग को जीवनशैली के रूप में अपनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निरंतर प्रदर्शित कर रहा है।