चंडीगढ़: चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) ने अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े आवेदकों के लिए एक अहम सूचना जारी की है। विभाग ने बताया कि लंबित मामलों के दस्तावेजों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है, जो चंडीगढ़ प्रशासन के निर्देशों के अनुसार की जा रही है।
CTU के अनुसार, कई आवेदकों के संपर्क विवरण उपलब्ध न होने या अपडेट न होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो पाया। ऐसे में सभी संबंधित आवेदकों को एक अंतिम अवसर दिया गया है कि वे अपने दस्तावेज पूर्ण कर लें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले सभी आवेदक 10 दिनों के भीतर एचओडी शाखा, CTU, प्लॉट नंबर 701, इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-1, चंडीगढ़ में संपर्क करें। आवेदक कार्य दिवसों में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक राजेश कुमार (वरिष्ठ सहायक) या मनोज कुमार (क्लर्क) से मिल सकते हैं। इसके अलावा, किसी भी जानकारी के लिए आवेदक दिए गए दूरभाष नंबरों पर भी संपर्क कर सकते हैं। CTU ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज जमा न करने वाले आवेदनों को अधूरा मानते हुए आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, जबकि पूर्ण आवेदनों को पॉइंट-आधारित मेरिट प्रणाली के तहत क्षेत्रीय रोजगार विनिमय, यू.टी. चंडीगढ़ को भेज दिया जाएगा।