21 अप्रैल 2026, इंदौर : मां अहिल्या की कर्मभूमि इंदौर में आगामी 25 और 26 अप्रैल 2026 को भारत का सबसे बड़ा 36 घंटे का लगातार विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन शनिवार सुबह से रविवार रात 9 बजे तक भोलाराम उस्ताद मार्ग, इंदौर में किया जाएगा।
निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध होंगी
इस रक्तदान शिविर का उद्देश्य थैलेसीमिया, सिकल सेल और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। आयोजनकर्ताओं ने बताया कि रक्तदान के साथ-साथ यहां निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी, जिनमें हेल्थ चेकअप, नेत्र जांच और डेंटल चेकअप शामिल हैं। इसके अलावा शिविर में नव आकृति निःशुल्क सर्जरी कैंप का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही नेत्रदान और देहदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होंगे आयोजन समिति ने आम जनता से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रक्तदान करें और जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में योगदान दें। समिति ने यह भी आग्रह किया है कि लोग अपने परिजनों, मित्रों और रिश्तेदारों को भी इस सेवा कार्य में साथ लेकर आएं। आयोजकों का कहना है कि “आपकी छोटी सी मदद किसी के लिए जीवनदान बन सकती है। रक्त की कमी से किसी की सांसें थमने से बेहतर है कि हम समय रहते आगे बढ़कर मानवता का कर्तव्य निभाएं।”