चंडीगढ़, 31 मार्च 2026: नगर निगम चंडीगढ़ के आयुक्त अमित कुमार, आईएएस ने सोमवार को सेक्टर-38 स्थित सोसायटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (एसपीसीए) का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ विशेष आयुक्त एवं पशुपालन विभाग के सचिव प्रदीप कुमार, आईएएस भी मौजूद रहे। इस दौरान चंडीगढ़ प्रशासन, नगर निगम और एसपीसीए के अधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। दौरे का मुख्य उद्देश्य एसपीसीए में हाल ही में किए गए सुधार कार्यों की समीक्षा करना तथा वहां रखे गए कुत्तों के रखरखाव, उपचार और समग्र स्थिति का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पशुओं के लिए उच्च स्तर की देखभाल सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कुत्तों को दिए जा रहे भोजन, पोषण, दवाइयों की उपलब्धता और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही निर्देश दिए कि भोजन, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं का स्टॉक रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट किया जाए। आयुक्त ने कर्मचारियों की उपस्थिति को पारदर्शी बनाने के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए और एसपीसीए परिसर में जल्द से जल्द बायोमेट्रिक मशीन स्थापित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सीसीटीवी फुटेज का निरीक्षण कर रिकॉर्ड प्रबंधन को सुव्यवस्थित और कम्प्यूटरीकृत करने पर बल दिया।