चंडीगढ़, 20 मार्च 2026: जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों पर आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) के संबंध में एक व्यापक प्रशिक्षण सत्र दिनांक 18.03.2026 को यूटी सचिवालय ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AEROs) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों ने भाग लिया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम, पूर्व में आयोजित SIR चरणों के दौरान Election Commission of India द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान SIR की सभी प्रमुख प्रक्रियाओं को पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विस्तारपूर्वक समझाया गया। इनमें गणना (Enumeration) चरण, दावे एवं आपत्तियां, नोटिस जारी करना एवं उनका निस्तारण तथा प्रारूप एवं अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन शामिल रहे।
प्रशिक्षण सत्र में राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर (NLMT), राज्य स्तर के मास्टर ट्रेनर (SLMT) एवं निर्वाचन विभाग, चंडीगढ़ के प्रोग्रामर द्वारा प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी एवं प्रक्रियात्मक स्पष्टता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, यह भी रेखांकित किया गया कि SIR के प्रत्येक चरण में सभी संबंधित अधिकारियों—मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO)—की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित एवं प्रलेखित की जानी चाहिए। SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं समावेशिता सुनिश्चित करने हेतु मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र के अंत में अतिरिक्त उपायुक्त-सह-निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए समयबद्ध तैयारियों के महत्व पर बल दिया। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि SIR के सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, आवश्यक जनशक्ति एवं संसाधनों की पहचान करने तथा AEROs को अपने स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।