चंडीगढ़। पंचकूला सिविल सर्जन द्वारा नर्सिंग स्टाफ से ईसीजी तकनीशियन का करवाए जाने के आदेशों का नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन ने विरोध कर दिया है। एसोसिएशन ने अधिकारियों के आदेश मानने से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में गत दिवस मोबाइल पर वाट्सअप संदेश जारी किया गया है। एसोसिएशन की अध्यक्ष विनीता बांगड़ ने आज यहां जारी एक जानकारी में कहा कि यह कार्य क्लास फोर के अंतर्गत आता है।
अधिकारियों के आदेशों को मानने से किया इनकार
आज से दस वर्षों पहले भी ईसीजी टैक्नीशियन का कार्य क्लास फोर जिनके पास इसका डिप्लोमा किया हुआ है को दिया गया है। सिविल अस्पताल पंचकूला में कुछ ईसीजी टैक्नीशियन से पीएमओ आफिस में क्लर्क का कार्य करवाया जा रहा है,जोकि नियमों का विरूद्ध है।
उन्होंने कहा कि ईसीजी टैक्नीशियन तथा नर्सिंग स्टाफ की अलग पोस्ट व अलग कोर्स होता है। नर्सिंग स्टाफ द्वारा पहले से ही जनसेवा को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी में क्रिटिकल पेशेंट की ईसीजी की जाती है लेकिन इसे काम का हिस्सा बनाना उचित नहीं।नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा कि इस संबंध में आला अधिकारियों को सूचित किया जा चुका है, बहुत जल्द विभाग के महानिदेशक तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव से मुलाकात की जाएगी।