पंचकूला, सेक्टर- 1 स्थित गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज ने आज संस्थान के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ा। कॉलेज ने एक ही दिन में दो महत्वपूर्ण संगठनों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, जिनमें पहला भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के साथ तथा दूसरा ज्ञान सेतु थिंक टैंक के साथ हुआ। इन समझौतों का उद्देश्य कॉलेज के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, कौशल संवर्धन और राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर तक पहुंचने में सहायता प्रदान करना है। इन समझौता ज्ञापनों के तहत कॉलेज और संबंधित संस्थान युवा संसद के आयोजन समेत सेमिनार, कार्यशालाएँ, प्रशिक्षण कार्यक्रम, रोजगारोन्मुखी और कौशल विकास कार्यक्रम, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट अवसर, अनुसंधान, नवाचार एवं नीति-निर्माण संबंधी गतिविधियाँ राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त आयोजन में करेंगे, जिससे विद्यार्थियों को शिक्षा और प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा।
सेक्टर- 1 कॉलेज ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और ज्ञान सेतु थिंक टैंक के साथ किए दो ऐतिहासिक एमओयू
इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डा. शैलजा छाबड़ा ने कहा कि सेक्टर-1 कॉलेज के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। भारत सरकार के खेल मंत्रालय और एक प्रतिष्ठित थिंक टैंक के साथ साझेदारी से हमारे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। यह कदम न केवल छात्रों के शैक्षणिक विकास बल्कि उनके मानसिक, शारीरिक और सामाजिक उत्थान के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक छात्र को ऐसी सुविधाएँ मिलें जो उन्हें भविष्य का सशक्त नागरिक बनाए।
इन समझौता ज्ञापनों को साकार रूप देने में महाविद्यालय के संकाय सदस्यों
कॉलेज इंटर्नशिप प्रभारी डा. चित्रा तंवर, प्लेसमेंट सेल प्रभारी नवीन कुमार राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डा. अनिल कुमार पाण्डेय, डा. प्रेमलता और डा. अनुराग चहल का विशेष योगदान रहा। समझौता ज्ञापन के तहत निकट भविष्य में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद समेत, युवा नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर, थिंक टैंक आधारित नीति संवाद गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई ही नहीं बल्कि जीवन कौशल, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता का भी अनुभव प्राप्त होगा। इन दोनों समझौता ज्ञापन के माध्यम से सेक्टर-1 कॉलेज ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह विद्यार्थियों के संपूर्ण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और राष्ट्रीय योगदान के लिए निरंतर प्रयासरत है और यह साझेदारी कॉलेज को नए उन्नति के शिखरों तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होगी।