पंचकूला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-1, पंचकूला की राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ द्वारा एकदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर का शुभारंभ सेवा पखवाड़े के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम से हुआ। गुप्ता ने अपनी माता की स्मृति में पहला पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस पहल को आगे बढ़ाते हुए सभी स्वयंसेवकों और कार्यक्रम अधिकारियों ने भी कॉलेज परिसर में मां के नाम से एक-एक पौधा लगाया।
हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता की उपस्थिति में एनएसएस एकदिवसीय शिविर सम्पन्न
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शैलजा छाबड़ा ने अपने संबोधन में युवाओं से समाज और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि यह एकदिवसीय शिविर पर्यावरण जागरूकता पर आधारित था। शिविर के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया, जिसे नगर निगम पंचकूला के आयुक्त आर. के. सिंह ने संचालित किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को कचरा पृथक्करण, रिसाइक्लिंग और अपशिष्ट कम करने के व्यावहारिक उपायों के बारे में विस्तार से बताया। इसके अतिरिक्त पंचकूला पुलिस के सहयोग से साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र हुआ, जिसमें साइबर विशेषज्ञ सुनील कुमार ने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड से बचाव के व्यावहारिक उपायों पर जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें विशेष रूप से हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुति ने उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिविर के अंतिम सत्र में पंचकूला पुलिस उपायुक्त श्रीमती सृष्टि गुप्ता ने स्वयंसेवकों को महिला सुरक्षा के विषय में संबोधित किया। उन्होंने छात्राओं को किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर तत्काल संपर्क करने और स्वरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों, कार्यक्रम अधिकारियों समेत कॉलेज के अन्य शिक्षकों और शहर के गणमान्य नागरिकों की भी उपस्थिति रही।