चंडीगढ़, पोषण माह 2025 के अंतर्गत इस वर्ष “मेन-स्ट्रीमिंग” पर विशेष जोर दिया गया, जिसके तहत पिताओं और पुरुष अभिभावकों को परिवार के पोषण और स्वास्थ्य में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर न्यू फ्लैट्स, मलोया में पुरुष अभिभावकों के लिए मिलेट रेसिपी प्रतियोगिता तथा पीएमएमवीवाई पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। वहीं, सर्कल 25 में पिताओं ने सामुदायिक पोषण प्रतिज्ञा का नेतृत्व किया और परिवारों में स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की दिशा में अपनी भूमिका को सशक्त किया। इसके अतिरिक्त, रामदरबार में पीएमएमवीवाई पंजीकरण, ABHA ID निर्माण, APAAR और आधार सेवाओं से संबंधित व्यापक शिविर का आयोजन किया गया, जिससे लाभार्थियों को प्रमुख योजनाओं और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तक सुगम पहुँच सुनिश्चित हुई।
चंडीगढ़ में आयोजित हुए मेन-स्ट्रीमिंग कार्यक्रम और पोषण जागरूकता अभियान
सभी 450 आंगनवाड़ी केन्द्रों में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें आयुष आधारित व्याख्यान, भोजन फोर्टिफिकेशन, पहले 1000 दिनों में पौष्टिक भोजन का महत्व, किशोरियों के पोषण, एनीमिया की रोकथाम और अनुपूरक पोषण की आवश्यकता पर जानकारी दी गई। इसके अलावा, ओआरएस बनाने का प्रदर्शन, पोषण के पंच सूत्र और बच्चों के लिए मिलेट आधारित आहार का प्रचार-प्रसार, स्तनपान जागरूकता, किचन गार्डनिंग तथा सामुदायिक आधारित कार्यक्रम (CBE) भी आयोजित किए गए।
इसी क्रम में सभी 450 आंगनवाड़ी केन्द्रों द्वारा पूरक आहार गतिविधियों के तहत घर-घर जाकर नवजात शिशुओं की माताओं को परामर्श दिया गया और शिशु एवं बाल आहार संबंधी सही प्रथाओं को अपनाने पर बल दिया गया। इन सभी पहलों का उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी को सशक्त करना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर जागरूकता बढ़ाना और आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ बनाने में पुरुषों की भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।