पंचकूला। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन तथा डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने हेरोइन तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एसीपी क्राइम ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज प्रवीण कुमार की टीम ने सैक्टर-20 स्थित गांव कुंडी के नजदीक रेड की थी। इस दौरान वहां हेरोइन बेचने के लिए खड़े एक युवक को काबू किया गया, जिसकी पहचान कुनाल पुत्र अतुल, निवासी आशियाना सैक्टर-20 पंचकूला, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई।
ट्राइसिटी में सक्रिय 2 हेरोइन तस्कर गिरफ्तार
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 9 ग्राम 75 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया, जहां पूछताछ के आधार पर 10 सितंबर को उसके सह-आरोपी संदीप उर्फ कातिल पुत्र वीरेंद्र, निवासी सैक्टर-20 पंचकूला को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ सैक्टर-20 थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि दोनों आरोपियों को आज दिनांक 11 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इनके पीछे एक सप्लायर सक्रिय है, जिसके बारे में अहम जानकारी प्राप्त हुई है। मुख्य तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम पंजाब में लगातार रेड कर रही है।