पंचकूला। पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन एवं डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच-19 की टीम द्वारा की गई। एसीपी क्राइम ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 अगस्त को थाना सेक्टर-14 में करमचंद शर्मा पुत्र स्वर्गीय सोमदत्त शर्मा निवासी सेक्टर-12ए, पंचकूला ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सुबह अपने क्लिनिक पर गए हुए थे और जब घर लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था तथा रसोई से दो गैस सिलेंडर चोरी हो चुके थे। इस घटना को लेकर थाना सेक्टर-14 में मामला दर्ज किया गया और पुलिस जांच शुरू की गई।
घर मे घुसकर चोरी करने वाले 2 आरोपी क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े, वारदात मे प्रयोग बाइक व सामान बरामद
पुलिस टीम को 9 सितंबर को गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिस पर क्राइम ब्रांच-19 इंचार्ज प्रीतम सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए तेजवीर कुमार उर्फ राहुल पुत्र जसविंदर निवासी गांव दरिया, नजदीक रेलवे स्टेशन चंडीगढ़ तथा रजत पुत्र नंद किशोर निवासी जीरकपुर को सेक्टर-19 स्थित गांव अभयपुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-14 में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच अमल में लाई गई।
पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से चोरी किए गए दो गैस सिलेंडर और वारदात में प्रयोग बाइक बरामद की गई, जिसे उन्होंने सेक्टर-23 स्थित डंपिंग ग्राउंड में छुपा रखा था। बरामदगी पूरी करने के उपरांत दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।