पंचकूला। यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले एक बाइक चालक पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन और डीसीपी सृष्टि गुप्ता के नेतृत्व में सेक्टर-20 थाना प्रभारी सोमबीर ढ़ाका ने देर रात गश्त के दौरान हुड़दंग मचाते हुए घूम रहे बाइक सवार को काबू किया। जांच में पाया गया कि आरोपी युवक ने अपनी बाइक पर बड़ा प्रेशर हॉर्न लगाया हुआ था। इसके साथ ही उसके पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस था, न इंश्योरेंस, न प्रदूषण प्रमाण पत्र और न ही पंजीकरण प्रमाण पत्र। नियमों की इस गंभीर अवहेलना को देखते हुए थाना प्रभारी ने मौके पर ही बाइक को इंपाउंड कर 32,000 रुपये का चालान काट दिया।
प्रेशर हॉर्न से हुड़दंगबाजी करने पर पुलिस ने 32 हजार का चालान काटा, बाइक इंपाउंड
डीसीपी सृष्टि गुप्ता के अनुसार देर रात करीब 12:30 बजे बाइक सवार शहर में हुड़दंग करता घूम रहा था। थाना प्रभारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में लेकर चालान काटा है। इस प्रकार की गतिविधियो से आम नागरिकों की शांति भंग होती है। डीसीपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर में हुड़दंगबाजी या नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।