पंचकूला। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन और डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग से चाकू की नोक पर लूट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता ओमप्रकाश पुत्र मचना राम, निवासी खड़क मंगोली, जो बिजली शक्ति भवन सेक्टर-6 से रिटायर्ड सफाई कर्मचारी हैं, 4 सितंबर को अपनी बेटी से मिलने सेक्टर-28 चंडीगढ़ जा रहे थे। वह ऑटो लेने के लिए सेक्टर-5 केसी सिनेमा से पैदल शक्ति भवन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह सेक्टर-24 की मार्केट पार कर रहे थे तो अचानक तीन युवक वहां पहुंचे और चाकू की नोक पर उनकी जेब से 11,600 रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर क्राइम ब्रांच-19 इंचार्ज प्रीतम के नेतृत्व में बनी टीम ने 7 सितंबर को कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को इंडस्ट्रियल फेस, सेक्टर-19 से काबू कर लिया। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर रवि कुमार द्वारा की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान अंसारी पुत्र मोहम्मद फुरकान, साकिब उर्फ पी.ए. पुत्र असलम खान और सरवेश उर्फ सेवेज के रूप में हुई है। तीनों आरोपी मनीमाजरा के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयोग चाकू और 9 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। डीसीपी क्राइम ने बताया कि बरामदगी के बाद तीनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जहां मजिस्ट्रेट के सामने पीड़ित बुजुर्ग ने आरोपियों की पहचान की और बताया कि यही तीन थे, जिन्होंने उनके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।