पंचकूला। पंचकूला पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में रायपुररानी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। जानकारी के अनुसार, आज रायपुररानी में सूरजपुर यातायात प्रभारी अभिषेक कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने वाहन चालकों की जांच की। इस दौरान कुल 5 चालान काटे गए, जिनमें से 2 बुलेट मोटरसाइकिलें मौके पर ही इंपाउंड की गईं।
पंचकूला में बुलेट इंपाउंड, पुलिस ने 32,500 का चालान काटा
पुलिस के मुताबिक, एक बुलेट मोटरसाइकिल चालक पटाखे बजाकर हुड़दंगबाजी कर रहा था, जिसके चलते उसका चालान 32,500 रुपये का काटा गया। जांच के दौरान पाया गया कि चालक बिना इंश्योरेंस, बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और बिना आरसी के बाइक चला रहा था। इसके अलावा अन्य तीन वाहनों पर भी अलग-अलग यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालान जारी किए गए। डीसीपी ट्रैफिक ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।