पंचकूला, जननायक जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ओपी सिहाग ने कहा कि शुक्र है सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं में पंचकूला शहर की सफाई व्यवस्था एवं अन्य समस्याओं को दूर करने बारे कुछ चिंता दिखाई दी है। सिहाग ने कहा कि हो सकता है यह चिंता उनको नगर निगम के चुनाव नजदीक आते देख कर हुई हो परंतु अगर महापौर नगर निगम पंचकूला या सत्तारूढ़ पार्टी के अन्य नेता वाकई में इस मामले को लेकर गम्भीर है तो जननायक जनता पार्टी को बहुत खुशी है कि जनता का कुछ तो भला होगा।
जजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि जननायक जनता पार्टी सरकार या प्रशासन के जनहित में किए जाने वाले हर कदम का स्वागत करेगी अगर वो बिना किसी राजनीतिक स्वार्थ के असलियत में धरातल पर किया जाए। जजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि दो दिन पहले नगर निगम महापौर ने पंचकूला के वार्ड 14 एवं 15 जिसमें सेक्टर 20 , गांव कुंडी, आशियाना फ्लैट्स एवं गांव फतेहपुर आते हैं का दौरा किया था। वो वार्ड नंबर 14 सेक्टर 20 की 105 नंबर ग्रुप हाउसिंग के सामने भी गए तथा वहां खुले में बह रहे सीवर के गंदे पानी से लोगों को निजात दिलाने की बात करके आए थे लेकिन बड़े ही अचरज की बात है कि वहां पर आज के दिन पहले से ज्यादा सीवर का गन्दा पानी बह रहा है।
मेयर से गुजारिश है कि वो सेक्टर-20 के 3 गंदे प्वाइंट से सेक्टर वासियों का पीछा छुड़ाने का काम करे- ओपी सिहाग
हम शिकायत नहीं करते समाधान चाहते हैं- ओपी सिहाग
ओपी सिहाग ने कहा कि उन्होंने नगर निगम प्रशासन को करीब 10 दिन पहले गांव कुंडी वार्ड नंबर 15 के साथ जाती हुई मुख्य सड़क जिसके साथ साप्ताहिक सब्जी मंडी लगती है पर काफी दिनों से आसपास के लोगों द्वारा डाले जा रहे करीब 50 टन से अधिक गोबर के ढेरों को उठाने बारे प्रार्थना की थी परंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई। सिहाग ने कहा कि बार बार हो रही बारिश से करीब दो महीने से पड़ रहे गोबर के ढेर से सारे वातावरण में बहुत ही गंदी बदबू आ रही है जिससे वहां से गुजरने वाले सेंकड़ों लोगों का जीना बेहाल हो गया है।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार सेक्टर 20 की मार्केट में पेट्रोल पम्प के पीछे काफी कूड़े कर्कट के ढेर लगे हैं। ओपी सिहाग ने नगर निगम महापौर से अनुरोध किया है कि अगर वो तथा उनकी टीम वाकई में शहर की सफाई तथा सुन्दरता को लेकर चिंतित है तो सेक्टर 20 के इन तीनों गंदे पॉइंट्स को 24 घंटे के भीतर हटाकर लोगों को छुटकारा दिलवाने का काम करे तथा भविष्य में भी यहां पूरी साफ़ सफाई रहे इस बारे पुख्ता इंतजाम करने का काम करे।