अमृतसर। सीमा पार से होने वाली तस्करी पर शिकंजा कसते हुए सीमा सुरक्षा बल (BSF) की अमृतसर तैनात सतर्क टुकड़ियों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। बीते दिनों चलाए गए विशेष अभियानों के दौरान जवानों ने पांच तस्करों को गिरफ्तार किया और उनसे भारी मात्रा में नशीला पदार्थ, हथियार और अन्य सामान बरामद किया।
अमृतसर में BSF की बड़ी कार्रवाई, 5 तस्कर गिरफ्तार, हेरोइन, हथियार और नकदी बरामद
बीएसएफ ने भैणी राजपूताना के खेतों से 1. 680 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। इसके अलावा तीन बदमाशों को दबोचकर उनके कब्जे से 1 पिस्तौल, 2 मैगजीन, 63 जिंदा कारतूस और 4 मोबाइल फोन जब्त किए। रोरणवाला कलां के पास से दो अन्य तस्करों को पकड़ा गया, जिनसे 1.705 किलोग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुए।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया गया है। बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि ये अभियान पाकिस्तान समर्थित नशा तस्करी नेटवर्क पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। उनका कहना है कि BSF न केवल सीमा की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है बल्कि युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए भी पूरी गंभीरता से प्रयासरत है।