चंडीगढ़। हरियाणा व पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में वाहनों पर वीआईपी नंबर लगवाने के शौकीनों ने वीआईपी नंबर खरीदते समय पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। यहां 0001 नंबर 36.43 लाख में बिका है। इतनी कीमत में एक टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी खरीदी जा सकती हैं। यह अब तक का सबसे महंगा नंबर बन गया है। चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से वाहनों के नंबरों के लिए नई सीरीज सीएच-01-डीए शुरू की गई है। इस सीरीज में 0001 से 9999 तक के नंबर हैं। इसके अलावा प्रशासन के पास कुछ पुरानी सीरीज के नंबर भी उपलब्ध थे। जिन्हें अलाट करने के लिए प्रशासन की तरफ से 19 अगस्त से लेकर 22 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के माध्यम से राजस्व एकत्र करके यूटी प्रशासन ने पुराने रिकार्ड तोड़ दिए हैं।
चंडीगढ़ में 36 लाख का बिका 0001
रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी ने नीलामी में टॉप-7 नंबर बेचकर ही 128.15 लाख रुपए कमा लिए। अथॉरिटी से मिली जानकारी के मुताबिक यह नीलामी गाड़ी के फैंसी और मनपसंद नंबरों के चाहने वाले लोगों के लिए थी। इस दौरान नीलामी के लिए सैकड़ों नंबर रखे गए। चार दिनों तक चली नीलामी में अथॉरिटी ने 577 फैंसी नंबर बेचे,जिनसे कुल 4 करोड़ आठ लाख 85 हजार रुपए का राजस्व एकत्र हुआ। रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी के अधिकारी प्रद्युमन सिंह ने शनिवार को जारी जानकारी में बताया कि इस नीलामी से ने अब तक के सभी पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।